कांग्रेसियों पर एफआईआर दर्ज करवाने कोतवाली थाना पहुंचे भाजपा कार्यकर्ता

डिंडोरी, जबलपुर दर्पण ब्यूरो। भारतीय जनता पार्टी सरकार एवं म.प्र. शासन की छवि को धुमिल करने को लेकर जिला भाजपा पदाधिकारियों ने कोतवाली थाना डिण्डौरी मे पहुंचकर शिकायत पत्र सौपा है। शिकायत में उल्लेख किया गया कि विगत दिनों में कांग्रेस के नेताओं द्वारा किए गए ट्वीट पर कुछ समाचार पत्रों की कटिंग में 50 प्रतिशत कमीशन की मांग संबंधित एक पोस्ट देखी। शिकायत में बताया गया कि प्रदेश में 50 प्रतिशत कमीशन देने पर ही भुगतान मिलता है, साथ ही किसी समाचार पत्र की कटिंग शेयर की हुई थी, जिसका हेडिंग ‘‘सोशल मीडिया पर वायरल पत्र -पेटी कान्ट्रेक्टर की चिट्ठी लिखा – 50 प्रतिशत कमीशन मांगा जा रहा है, जांच करो’’ लिखा हुआ था। साथ ही एक पत्र भी उस पर संलग्न था, ‘‘ लघु एवं मध्यम श्रेणी संविदाकार संघ के नाम से मा. मुख्य न्यायाधीश मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय खण्डपीठ, ग्वालियर को संबोधित करते हुए किसी ज्ञानेन्द्र अवस्थी नामक व्यक्ति के नाम से है। इस पत्र के विषय मे जब मेरे द्वारा जानकारी प्राप्त की गई व अपने साथियों से ज्ञानेन्द्र अवस्थी के बारे मे पता किया गया, तब मुझे इस प्रकार के किसी भी संघ व व्यक्ति के बारे मे कोई जानकारी प्राप्त नही हुई। जिससे यह संदेह होता है कि उक्त पत्र कांग्रेस द्वारा जानबुझकर फर्जी रूप से भ्रामक आरोपों के साथ तैयार करवाकर योजनाबद्ध तरीके से विभिन्न सोशल मीडिया साईट पर वायरल किया जा रहा है ताकि मध्यप्रदेश शासन तथा भारतीय जनता पार्टी की छवि धूमिल किया जा सकें। यदि उक्त पत्र वास्तविक है तथा ज्ञानेन्द्र अवस्थी नामक वास्तव मे उपलब्ध है तो उस व्यक्ति के द्वारा जो आरोप लगाए गए उनकी विस्तृत जानकारी एवं दस्तावेज उक्त संघ से प्राप्त कर इस प्रकार के गंभीर कदाचरण करने वाले लोगों पर मध्यप्रदेश शासन की नीति एवं नियमानुसार कठोरतम कार्यवाही की जाए। सोशल मीडिया पर उक्त भ्रामक खबर चलाने वाले व्यक्तियों जैसे कमलनाथ, प्रियंका गांधी व अन्य पर शासन की छवि धुमिल करने व भारतीय जनता पार्टी के यशस्वी सरकार के विरूद्व जनमानस मे भ्रम उत्पन्न करने वैमस्य उत्पन्न करने का प्रयास करने की वैधानिक कार्यवाही की जावें। उपरोक्त आरोप अत्यंत गंभीर प्रवृत्ति के है जिनकी तत्काल विस्तृत जांच किया जाना अत्यंत आवश्यक है, ताकि उक्त पत्र में जो आरोप लगाए है वे वास्तव मे वास्तविक है या नही, उक्त व्यक्ति वास्तविक है या नही इसकी जांच हो ताकि दूध का दूध व पानी का पानी हो सकें। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष अवध राज बिलैया, जिला कोषाध्यक्ष स्कंद चौकसे, जिला कार्यालय मंत्री पुनीत जैन, जिला सह संयोजक सोशल मीडिया अविनाश सिंह सैनी, युवामोर्चा जिलाध्यक्ष राकेश परस्ते, पि.वर्ग मोर्चा जिलाध्यक्ष दशरथ सिंह राठौर, विधि प्रकोष्ठ के रामानंद झा, मण्डल उपाध्यक्ष मोहन सिंह राठौर, अजीत कुमार धुर्वे सहित भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहें।



