टीवी के सुपरस्टार थे अमन वर्मा, अहंकार ने बर्बाद कर दिया करियर

मुंबई। साल 2001 से 2004 के बीच एक गेम शो आता था ‘खुल जा सिम सिम’, जो काफी हिट था। इस शो को अमन वर्मा होस्ट करते थे, जो उस समय के एक बड़े टीवी स्टार थे। अमन वर्मा ने कई टीवी सीरियल और फिल्में कीं और खूब नाम कमाया। लेकिन अचानक ही वह गायब से हो गए। फिर एक कास्टिंग काउच के विवाद ने उनका करियर ही बर्बाद कर दिया।अमन वर्मा ने 30 साल पहले टीवी शो ‘लाल दीवारें’ से एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी। बाद में वह ‘महाभारत कथा’ में भी नजर आए। तब अमन वर्मा का चार्म ऐसा था कि उन्होंने फिल्मों में भी लीड रोल निभाए थे।
साल 1999 में आई फिल्म ‘संघर्ष’ में अमन वर्मा, प्रीति जिंटा के प्रेमी बने थे। इसमें अक्षय कुमार लीड रोल में थे। भले ही अमन वर्मा का सपोर्टिंग रोल था, पर वह अपनी उपस्थिति दर्ज कराने में कामयाब रहे थे। यह उनकी पहली बॉलीवुड फिल्म थी।2000s में ऐसा दौर भी आया, जब अमन वर्मा फिल्मों में सोलो लीड प्ले करने लगे। वह ‘प्राण जाए पर वचन न जाए’ और ‘कोई है’ में लीड हीरो थे। अमन वर्मा को ‘बागबान’, ‘अंदाज’, ‘जानी दुश्मन: एक अनोखी कहानी’, ‘बाबुल’ और ‘वाह! लाइफ हो तो ऐसी’ जैसी फिल्मों में खूब पसंद किया गया।लेकिन फिर कुछ ऐसा हुआ कि अमन वर्मा का अच्छा-खासा करियर गर्त में चला गया और वह भी इंडस्ट्री से ओझल से हो गए। जो एक्टर ‘क्यूंकि सास भी कभी बहू थी’, ‘सीआईडी’, ‘घर एक मंदिर’, ‘शांति’, ‘कलश’, ‘पिया का घर’, ‘रिश्ते’ और ‘औरत’ जैसे टीवी सीरियल करके छोटे पर्दे का ‘शहंशाह’ बन चुका था, वह अचानक ही फर्श पर आ गिरा।



