गुरुद्वारा हुए रोशन, रातभर कार सेवा कर पकाया गुरु का लंगर

जबलपुर दर्पण। समग्र विश्व में अपनी पदयात्राओं के दौरान विश्व शांति इंसानी भाईचारा और मानवता का इलाही पैगाम देने वाले सिख धर्म के प्रवर्तक श्री गुरु नानक देव जी महाराज की 554 वीं जयंती आज प्रकाश उत्सव के रूप में प्रातः 10:00 बजे से अपरान्ह 3:15 बजे तक गैरिसन मैदान सदर में मनाई जाएगी । हरिमंदिर साहिब अमृतसर पंजाब के हुजूरी रागी जत्था भाई गुरप्रीत सिंह एवं साथी अपराह्न 1.15 बजे गुरुवाणी शब्द कीर्तन पेश करेंगे इनके साथ ही गुरुवाणी मीमांसक कथाकार ज्ञानी डॉ. हरबन सिंह अलवर राजस्थान, भाई नरिंदर सिंह, गुरु गोविंद सिंह खालसा स्कूल के विद्यार्थी, भाई त्रिलोक सिंह जगाधरी पंजाब सहित अनेक विद्वतजन गुरुवाणी शबद कीर्तन एवं कथा प्रवाह चलाएंगे । गुरु का अटूट लंगर दिन भर वितरित किया जाएगा । गुरुद्वारा मढ़ाताल में प्रातः 4:30 बजे कीर्तन दरबार आरंभ होगा जिसका समापन प्रातः 9:30 बजे होगा । पश्चात यहां गुरु का लंगर वितरित होगा । यहीं पर रात का कीर्तन दरबार 6:30 बजे आरंभ होकर अर्धरात्रि 11:30 बजे तक चलेगा। यहां समस्त रागी जत्थे शामिल होंगे । प्रकाश उत्सव पर आजरात भर सेवादार एवं श्रद्धालुओं द्वारा कारसेवा के माध्यम से गुरु का लंगर तैयार करने की सेवा की गई दूसरी तरफ नगर के गुरुद्वारों को आकर्षक रोशनी से भी सजाया गया है । प्रधान प्रताप सिंह विरदी प्रबंधक कुलदीप सिंह जतिंदर सिंह सैनी अवतार सिंह बांगा गुरुदेव सिंह रील सुखविंदर सिंह रील इंद्रपाल सिंह सेहमी राजिंदर सिंह सिंह धंजल, सुरेंद्र सिंह अहलूवालिया प्रबंधक एम एस नागी एवं गुरुपर्व कमेटी ने साथ संगत से उपस्थिति एवं सहयोग की अपील की है । उप- नगरीय क्षेत्र खमरिया में भी गुरु नानक जयंती कीर्तन दरबार एवं गुरु के लंगर के साथ धूमधाम से मनाई जाएगी । भोर बेला में नगर के विभिन्न क्षेत्रों से निकाली जा रही कीर्तनी प्रभातफेरियों एवं श्रंखलाबध्द श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के अखंडपाठों का आज सोल्लास समापन हो गया ।



