सदर बाजार में भगवान् परशुराम जी के प्राकट्य उपलक्ष्य पर बहुप्रतीक्षित शोभायात्रा निकली

जबलपुर दर्पण। संस्कारधानी जबलपुर के संत महात्माओं के पावन सान्निध्य में, श्री ब्राह्मण महासभा, केंट क्षेत्र द्वारा संकल्पित विशाल शोभायात्रा का नेतृत्व स्व. गंगाप्रसाद तिवारी बाचपेयी अखाड़ा ने किया। शोभायात्रा में प.पू. स्वामी अखिलेश्वरानंद जी, प. पू. स्वामी नरसिंहदास जी, जगद्गुरु राघवदेवाचार्य जी, ब्रह्मचारी चैतन्यानंद जी एवं स्वामी राजारामाचार्य जी ने अपने परिकरों सहित उपस्थिति दर्ज की। श्रीकृष्ण भक्तिधारा के श्रील प्रभुपाद जी द्वारा स्थापित अन्तर्राष्ट्रीय श्रीकृष्ण भावनामृत संघ, शाखा जबलपुर की संकीर्तन मंडली डॉ. सिद्धार्थ सिंह जी के निर्देशन में मृदंग, झांझ मंजीरा बजाते हुए सुमधुर भजनों की प्रस्तुति करते हुए एवं वेद वाटिका गुरुकुल के विद्यार्थीगण घंट-घड़ियाल बजाते हुए, स्वस्तिवाचन उच्चारण करते हुए सदर की गलियों को भक्ति रस से सराबोर कर रहे थे।
शोभायात्रा प्रारंभ स्थल सिद्धपीठ श्री काली माई मंदिर के पावन प्रांगण में श्री ब्राह्मण महासभा द्वारा आमंत्रित संतों का पुष्प माल्यार्पण कर, दुपट्टा ओढ़ाकर स्वागत किया गया एवं आमंत्रित अतिथियों का तुलसी की माला पहनाकर व सभी के ललाट पर गोपीचंदन से कृष्णानंदी तिलक लगाकर किया गया। शंखनाद कर शोभायात्रा का प्रारंभ हुआ। जहां एक ओर बड़ी संख्या में विप्रजन पीले कुर्ते व श्वेत धोती धारण किए,हाथों में परशुराम नामांकित श्वेत ध्वजाएं लिए जय जय परशुराम का उद्घोष करते हुए चल रहे थे, वहीं दूसरी ओर सैकड़ों ब्राह्मण महिलाएं जिनमें रजनी उपाध्याय, अंजू भार्गव, जया चंसोरिया, राधा तिवारी, अनुजा शर्मा, कविता शर्मा, चारु शर्मा आदि केसरिया परिधान में मेरी झोपड़ी के भाग आज जाग जाएंगे श्री परशुराम आएंगे… गीतों को गाते हुए चल रहीं थीं।
संपूर्ण शोभायात्रा मार्ग को भगवा ध्वज पताकाओं से सजाया गया था। सनातनी संस्थाओं द्वारा जगह-जगह स्वागत द्वार बनाए गए थे, लोग अपने-अपने घरों की छतों से पुष्पवर्षा कर रहे थे।
पुष्पों से सुसज्जित बैलगाड़ी पर विराजमान भगवान् परशुराम जी की नयनाभिराम मूर्ति शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण थी, भक्तों द्वारा जगह-जगह उनकी आरती उतारी गई।
संस्कारधानी जबलपुर की नामचीन हस्तियों में सांसद प्रत्याशी आशीष दुबे, उत्तर मध्य विधायक अभिलाष पांडेय, डॉ. आलोक चंसोरिया, आलोक मिश्रा, प्रेम दुबे, एड.सुधीर नायक, एड.मनीष मिश्रा, सुरेन्द्र दीक्षित, काशीनाथ शर्मा,सौरभ नाटी शर्मा, नरेश तिवारी, अतुल बाचपेयी, सीताराम कुरचानिया, मधुर तिवारी, अमरीश मिश्रा, पंकज पांडेय भी सम्मिलित हुए।
जबलपुर शहर के अनेक ब्राह्मण संगठनों के पदाधिकारियों व सदस्यों ने भी शोभायात्रा में सम्मिलित होकर ब्राह्मण एकता का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया।
शोभायात्रा का समापन श्री महाकाली मंदिर, गणेश चौक में माता महाकाली व भगवान् परशुराम जी की महाआरती कर हुआ।तदोपरांत चंसोरिया कंपाउंड में सुस्वादिष्ट सात्विक भोजन प्रसादी का सभी ने लुत्फ उठाया।
आयोजन समिति श्री ब्राह्मण महासभा केंट के मनीष चंसोरिया,संतोष तिवारी, समीर दीक्षित, सुनीत शर्मा “छोटू भैया”, कन्हैया तिवारी, मनोज पाण्डेय, दिनेश दीक्षित, रजनीश शुक्ला, अमित चंसोरिया, आचार्य अमित शर्मा, सनी दिक्षित, चिंटू तिवारी, देव कुरचानिया, अमित शुक्ला आदि ने सहयोग के लिए धन्यवाद् दिया एवं आभार प्रदर्शन पंडित सर्वेश्वर शर्मा “”सुचित”” ने किया।



