हितकारिणी सभा और विद्या परिषद के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित खो-खो प्रतियोगिता

जबलपुर दर्पण। हितकारिणी सभा और विद्या परिषद के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित अंतरविद्यालयीन और महाविद्यालयीन वार्षिक खेल प्रतियोगिता के तीसरे दिन खो-खो स्पर्धा में गोरखपुर, बाबू मनमोहनदास (बीएमडी) और हितकारिणी नर्सिंग कॉलेज ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से दर्शकों का दिल जीत लिया। यह आयोजन एमएलबी स्कूल परिसर में संपन्न हुआ, जिसमें प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों की टीमें शामिल हुईं।
मुख्य अतिथि एडवोकेट अशोक गुप्ता (हितकारिणी विधि महाविद्यालय के शासी निकाय अध्यक्ष) और विशिष्ट अतिथि नितिन अग्रवाल की उपस्थिति में प्रतियोगिता की शुरुआत हुई। खिलाड़ियों से परिचय और औपचारिक उद्घाटन के बाद, प्रतियोगिता की निर्णायक भूमिका राजेंद्र प्यासी ने निभाई।
विद्यालय स्तर पर-बालक वर्ग में हितकारिणी गोरखपुर ने गत चैंपियन हितकारिणी देवताल को कड़े मुकाबले में शिकस्त दी, जो पूरे टूर्नामेंट का मुख्य आकर्षण रहा। बालिका वर्ग में, बाबू मनमोहनदास हितकारिणी कन्या शाला (दीक्षितपुरा) ने अपना विजेता खिताब बरकरार रखते हुए हितकारिणी कन्या शाला बीटी तिराहा को हराया।
महाविद्यालय स्तर पर-पुरुष वर्ग में हितकारिणी देवताल ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए हितकारिणी इंजीनियरिंग कॉलेज को हराया, जबकि महिला वर्ग में रोमांचक मुकाबले के बाद हितकारिणी नर्सिंग कॉलेज ने हितकारिणी लॉ कॉलेज को पराजित कर विजेता का ताज अपने नाम किया।
अगला आयोजन-खेल अधिकारी दिनेश सिंह ठाकुर और आयोजन समिति के अन्य सदस्य नरेश तिवारी, राजीव श्रीवास्तव, और मीनाक्षी धूरिया ने आयोजन की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की। शुक्रवार को होने वाली कबड्डी प्रतियोगिता के साथ इस वार्षिक खेल महोत्सव का समापन होगा, जो हितकारिणी कन्या शाला बीटी तिराहा के खेल प्रांगण में सुबह 11 बजे से शुरू होगा।



