केंद्र के समान राज्य कर्मचारियों को यात्रा सुविधाएं प्रदान करने की मांग

जबलपुर दर्पण । मध्यप्रदेश राज्य अधिकारी कर्मचारी संघ ने राज्य कर्मचारियों को केंद्र कर्मचारियों के समान यात्रा भत्ता और एलटीसी की सुविधा प्रदान करने की मांग की है। संघ का कहना है कि राज्य कर्मचारियों को केंद्र सरकार के समान यात्रा सुविधाएं मिलनी चाहिए, ताकि वे भी अपने परिवार के साथ समय पर भारत भ्रमण और पर्यटन स्थलों का आनंद ले सकें।संघ ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से बताया कि राज्य कर्मचारी अपनी मनपसंद स्थानों पर भ्रमण करने के लिए वर्तमान में यात्रा भत्ते की सुविधाओं का लाभ नहीं उठा पा रहे हैं। इसके कारण वे अपने परिवार को समय पर भारत भ्रमण पर नहीं ले जा पाते, जो कि उनकी मानसिक स्थिति पर नकारात्मक प्रभाव डाल रहा है। संघ ने सरकार से आग्रह किया है कि राज्य कर्मचारियों को भी केंद्र सरकार की तरह यात्रा भत्ता और एलटीसी की सुविधा प्रदान की जाए, ताकि कर्मचारियों को अपनी यात्रा के लिए पहले से वित्तीय मदद मिल सके। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि केंद्र सरकार की तरह यदि राज्य कर्मचारियों को यात्रा प्रारंभ से पूर्व यात्रा भत्ता (एडवांस) मिल जाए तो कर्मचारी बिना किसी परेशानी के यात्रा कर सकेंगे और यात्रा समाप्ति पर वे अपने यात्रा के खर्च का विवरण संबंधित प्रपत्र में भरकर जमा कर सकेंगे। यह प्रक्रिया राज्य कर्मचारियों को अधिक सुविधाजनक और सरल बनेगी। संघ के दिलीप सिंह ठाकुर, भास्कर गुप्ता, चंद्रभान साहू, आकाश भील, दुर्गेश खातरकर, जीआर झारिया, नितिन तिवारी, अजब सिंह, विश्वनाथ सिंह, विष्णु झारिया सहित अन्य पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री से अपील की है कि वे राज्य कर्मचारियों के लिए केंद्र सरकार की तरह यात्रा भत्ता और एलटीसी की सुविधा प्रदान करें, ताकि वे भी खुशी-खुशी परिवार के साथ यात्रा कर सकें।



