अनूपपुर दर्पणमध्य प्रदेश

“हमारा घर हमारा विद्यालय” अभियान अंतर्गत अभिभावकों एवं पालकों ने घर में लगायी कक्षाएँ

कलेक्टर श्री ठाकुर ने पालकों एवं अभिभावकों से सक्रिय सहयोग का किया आह्वान

अनूपपुर से विकास ताम्रकार की रिपोर्ट

अनूपपुर। कोरोना संकट काल में विद्यार्थियों की शैक्षिक नियमितता बनाए रखने के लिए, राज्य शिक्षा केन्द्र ने ”हमारा घर-हमारा विद्यालय” योजना तैयार की है, जिसमें बच्चों को घर पर ही स्कूली वातावरण में अध्यापन कराया जाएगा। बच्चे पढेंगे, योग करेंगे, लिखेंगे और कहानियॉ भी सुनेंगे और उन पर नोट्स तैयार करेंगे। उक्त के अनुक्रम में सोमवार 6 जुलाई की सुबह कक्षा 1 से 8 तक के बच्चों के पालकों एवं अभिभावकों ने बढ़ चढ़कर भूमिका निभायी एवं बच्चों की सुचारु शिक्षा हेतु घरों में ही विद्यालय का वातावरण बनाने में प्रशासन का सहयोग किया। कोरोना संक्रमण के दौर में बच्चों को सुचारु शिक्षा प्रदाय हेतु कलेक्टर चंद्रमोहन ठाकुर ने पालकों एवं अभिभावकों से आव्हान किया है कि बच्चों को घर पर अध्ययन का बेहतर वातावरण उपलब्ध कराएं। उन्हें घर में ही एक उचित स्थान दें जहाँ वे बिना किसी व्यवधान के अपनी पढ़ाई कर सकें। ”हमारा घर-हमारा विद्यालय” योजना ऐसी ही एक भावनात्मक पारिवारिक पहल है जो बच्चों को परिवार के सहयोग से घर पर ही पढ़ाई को सुचारु रखने में सहयोगी होगी। योजना के तहत घर के स्कूल में प्रातः 10 बजे पालक द्वारा घण्टी/थाली बजाकर स्कूल प्रारम्भ किया जाएगा, इसी प्रकार दोपहर एक बजे घण्टी/थाली बजाकर अवकाश किया जाएगा। इससे बच्चों को घर में ही विद्यालय का आभास होगा। राज्य शिक्षा केन्द्र द्वारा एक सुझावात्मक समय-सारणी भी पालकों और विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई गयी है, जिसके अनुसार सोमवार से शुक्रवार प्रातः 10 से दोपहर एक बजे तक विषयानुरुप अध्ययन होगा तथा शनिवार को मस्ती की पाठशाला के तहत मनोरंजनात्मक गतिविधियां आयोजित की जायेंगी। वहीं शाम को 2 घंटे विद्यार्थी अपने पारिवारिक बड़े-बुजुर्गों से कहानियां सुनकर उन पर नोट्स तैयार करेंगे और योग तथा अन्य खेलकूद की गतिविधियों का आयोजन अपने घर पर ही करेंगे। राज्य शिक्षा केन्द्र द्वारा इस संबंध में अनेक पारंपरिक गतिविधियों के सुझाव भी दिए गए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page