वाट्सएप से भी मिलेंगे आय व स्थानीय निवासी प्रमाण पत्र

जिला नरसिंहपुर ब्यूरो प्रशांत कुर्मी
जिले में नवाचार के तहत लोक सेवा गारंटी अधिनियम 2010 के प्रावधानों के अनुसार जिले के लोक सेवा केन्द्रों द्वारा आय प्रमाण पत्र और स्थानीय प्रमाण पत्र आवेदकों को घर बैठे वाट्सएप के माध्यम से भी उपलब्ध कराये जायेंगे। यह सुविधा जिले में 10 अगस्त से शुरू की जा रही है। इस अधिनियम के अंतर्गत सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा आय प्रमाण पत्र जारी करने को अधिसूचित सेवा क्रमांक 6.1 और स्थानीय निवासी प्रमाण पत्र को अधिसूचित सेवा क्रमांक 6.2 में शामिल किया गया है।
यह जानकारी जिला प्रबंधक लोक सेवा विभाग श्री सौरभ चौबे ने दी है। उन्होंने बताया कि राज्य शासन द्वारा आवेदक के स्वघोषणा पत्र के आधार पर आय प्रमाण पत्र और स्थानीय निवासी प्रमाण पत्र को मान्य किया गया है, परंतु केन्द्र शासन व कुछ संस्थानों में सक्षम अधिकारियों द्वारा जारी आय एवं स्थानीय निवासी प्रमाण पत्र ही लिये जाते हैं। इस कारण से इन दोनों सेवाओं को आवेदकों को घर बैठे वाट्सएप के माध्यम से भी उपलब्ध कराने की सुविधा दी जा रही है।
उक्त दोनों सेवायें वाट्सएप के माध्यम से प्राप्त करने के लिए आवेदक को संबंधित लोक सेवा केन्द्र के वाट्सएप नम्बर पर मैसेज कर सम्पर्क करना होगा। इसके बाद लोक सेवा केन्द्र से ऑटो रिप्लाई सिस्टम के तहत आवेदक को आवेदन फार्म को दोनों फार्मेट पीडीएफ एवं वर्ड में भेजा जायेगा। साथ ही निर्धारित शुल्क भुगतान के लिए पेमेंट लिंक भी शेयर की जायेगी।
आवेदक को फार्म डाउनलोड करके भरने के बाद आधार कार्ड की प्रति के साथ लोक सेवा केन्द्र के वाट्सएप नम्बर पर डिजीटल रूप में भेजना होगा। साथ ही दी गई लिंक के माध्यम से भुगतान करना होगा। यह भुगतान नेट बैंकिंग/ डेबिट कार्ड/ क्रेडिट कार्ड/ भीम यूपीआई आदि के माध्यम से ऑनलाइन किया जा सकेगा।
लोक सेवा केन्द्र में प्राप्त इस आवेदन/ भुगतान को एमपीईडिस्ट्रिक्ट पोर्टल पर ऑनलाइन दर्ज कर समाधान एक दिवस सेवा के अंतर्गत तत्काल उक्त प्रमाण पत्र की पीडीएफ फाईल आवेदक के वाट्सएप नम्बर पर उपलब्ध कराई जायेगी। आवेदक इस प्रमाण पत्र का प्रिंट आउट आवश्यकतानुसार प्राप्त कर सकेंगे। आय व स्थानीय निवासी प्रमाण पत्र को डिजीटल लॉकर में भी सहेजकर रखा जा सकेगा।
इस सिलसिले में वाट्सएप नम्बर लोक सेवा केन्द्र नरसिंहपुर के लिए 8461002048, करेली के लिए 8461001048, गोटेगांव के लिए 8461001530, गाडरवारा के लिए 8461001670, चीचली के लिए 8461001044, चांवरपाठा के लिए 8461005359, तेंदूखेड़ा के लिए 8461005358 और सांईखेड़ा के लिए 8461004481 पर आवेदक केवल वाट्सएप मैसेज के माध्यम से प्रमाण पत्र के लिए सम्पर्क कर सकते हैं।
जिले में आवेदकों को उक्त सुविधा पूर्व से संचालित एक दिवस तत्काल सेवा प्रदाय व्यवस्था के अतिरिक्त प्राप्त हो सकेगी। आवेदक घर बैठे अपनी सुविधानुसार वाट्सएप के माध्यम से अथवा लोक सेवा केन्द्र में पहुंचकर उक्त सेवाओं के संबंध में आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे।



