जेल में बंदियों को काढा और दवाओं का हुआ वितरण

दमोह । कोविड-19 जैसे संक्रमण को पराजित करने के लिए आयुष विभाग द्वारा भी लगातार प्रयास जारी है। कलेक्टर तरुण कुमार राठी के निर्देश में आयुष विभाग लगातार कोरोना संक्रमण काल से सक्रिय दिखलाई दे रहा है। जिला आयुष अधिकारी डॉ इंद्र कुमार कुर्मी के मार्गदर्शन में जिले भर में आयुष विभाग का अमला लगातार कोरोना को पराजित करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन कर रहा है। जिला जेल में भी कोविड-19 के मरीजों की शुरूआत होते ही आयुष विभाग की टीम दमोह जिला जेल पहुंची। जेल में डॉ राजकुमार पटेल और डॉ प्रियंका तारण ने जेल उप अधीक्षक एन एस राणा को दवा और काढा प्रदान किया। उन्होंने जेल में बंद सजायाफ्ता और विचाराधीन लगभग 300 से अधिक बंदियों को तिरकटु काढ़ा संशमनी वटी और होम्योपैथी दवा आर्सेनिक एल्बम को वितरित किया। इस अवसर पर डॉ राजकुमार पटेल और डॉक्टर प्रियंका तारण ने बंदियों से चर्चा की स्वस्थ और सुरक्षित रहने के उपाय बताए तथा दवाओं का सेवन कैसे करना है। विस्तृत जानकारी देते हुए कैदियों के प्रश्नों के उत्तर भी दिए। जेल उप अधीक्षक एनएस राणा ने बताया कि आयुष विभाग द्वारा जिले भर में दवाओं का वितरण पिछले कई महीने से किया जा रहा है। उनके द्वारा वितरित दवाओं से लोगों में रोग प्रतिरोधक क्षमता का विस्तार हो रहा है। आज जेल मैं दवाओं का वितरण किया गया। जिनका सेवन करके बंदी अपनी और रोग प्रतिरोधक शक्ति को बढ़ाएंगे तथा कोरोना संक्रमण से लड़ने की शक्ति अर्जित करेंगे। उन्होंने आयुष विभाग का धन्यवाद ज्ञापित किया। जेल में स्वास्थ्य सेवाओं को देखने वाले समीम खान ने बताया कि आयुष विभाग द्वारा दी गई जानकारी से बंदियों में उत्साह देखा गया। उन्होंने बताया साफ सफाई स्वच्छता पौष्टिक आहार और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की पूरी सुविधा बंदियों को प्रदान की जाती है। आयुष विभाग द्वारा वितरित दवाओं का सेवन करके बंदी अपनी रोग प्रतिरोधक क्षमता को अधिक विकसित करेंगे। इस अवसर पर आयुष विभाग तथा जेल विभाग के अधिकारी कर्मचारियों की उपस्थिति रही।



