हाथी ने रेंजर पर किया हमला, मौके पर हुई मौत

टाइगर रिजर्व के कर्मचारियों में मचा हड़कंप
पन्ना। मध्यप्रदेश के पन्ना टाइगर रिजर्व में अभी-अभी दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। हिनौता रेंज के रेंज ऑफिसर बीआर भगत को आज दोपहर 12 बजे लगभग रामबहादुर हाथी ने हमला कर दिया जिससे रेंजर श्री भगत की मौके पर ही मौत हो गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार आज दिनांक 14 अगस्त 2020 को दोपहर लगभग 12 बजे टाइगर ट्रैकिंग के दौरान हाथी ने रेंजर श्री बी आर भगत को दांतो से दबा दिया। जिससे की रेंजर श्री भगत की मौके पर मौत हो गई। हिनौता वन परिक्षेत्र गंगा क्षेत्र के इस इलाके में कुछ दिन पूर्व एक टाइगर की लाश मिली थी। आपसी संघर्ष में मारे गए टाइगर के दूसरे टाइगर की इंजरी का पता लगाने के लिए रेंजर बी आर भगत लगातार ट्रैकिंग कर रहे थे और कोशिश कर रहे थे कि घायल दूसरा शेर मिले तो उसका इलाज कराया जा सके। इसी दौरान आज हाथी राम बहादुर किसी बात को लेकर नाराज हो गया और रेंजर को दबाकर मार डाला । बीआर भगत इसी रेंज में बीते 8 वर्ष से पदस्थ थे और उनका हाथियों से अच्छा लगाव था इसके बावजूद यह ह्रदय विदारक घटना हो गई है।दिवंगत रेंजर श्री भगत मिलनसार और कर्मठ अधिकारी थे। श्री भगत मूलतः छत्तीसगढ़ के रहने वाले थे। हिनौता रेंज ऑफिसर बीआर भगत साधारण जीवन यापन कर जंगल में दिन रात मेहनत करने के लिए जाने जाते थे। रेंजर श्री भगत की मौत ने सभी को हिला कर रख दिया है। क्योंकि जब टाइगर बसाए गए थे हिनौता रेंज में उस दौरान खूब मेहनत की और वे टाइगर रिजर्व को उत्कर्ष की ओर ले जाने के अहम किरदार थे। उनका स्वभाव कर्मचारियों और अधिकारियों से बेहद नेक रहा है और दिन-रात जंगल में काम करते रहे हैं । फील्ड डायरेक्टर ने दुख जताया पन्ना टाइगर रिजर्व के फील्ड डायरेक्टर श्री भदोरिया ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि एक-नेक अधिकारी को खोने का बेहद दुख है। वे दिन-रात जंगल में ही रहकर मेहनत करते थे। बेहद मिलनसार और ईमानदार अधिकारी की इस तरह मौत दुख देने वाली है। भदोरिया ने कहा कि वे हाथियों के संपर्क में बीते 8 वर्ष से थे और सभी साथियों से उनका मित्रवत संबंध था। पता नहीं क्या अनहोनी हो गई जिससे रामबहादुर हाथी ने इतनी बड़ी घटना कर दी है।
पन्ना टाइगर रिजर्व के रेंजर श्री भगत के निधन पर टाइगर रिजर्व के अधिकारियों कर्मचारियों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है।



