केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति राज्यमंत्री ने कोरोना वारियर्स का सम्मान किया


दमोह। देश भर में आज़ादी के जश्न बेहद सादगी से मनाया गया तो दमोह में भी ये सादगी साफ़ देखने को मिली। इस बीच यहाँ बीते सोलह सालों से भव्य रूप से मनाये जाने वाले जश्न को भी इस बार सादगी से मनाया गया। केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति राज्यमंत्री प्रहलाद पटेल ने समारोह में शामिल होकर विपरीत हालातों में भी लोगों के एकजुट होकर खड़े रहने और मदद करने के कार्य की प्रशंसा की। टीम दमोह आयडल और गणेश फैंस क्लब द्वारा हर साल बड़े स्तर पर जश्ने आज़ादी का आयोजन किया जाता है, लेकिन इस बार कोरोना संकट के चलते समारोह खुले मैदान में बड़े पैमाने पर नहीं हो पाया। सांसद और केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल इस आयोजन में सालों से शामिल हो रहे है और परम्परा ना टूटे इस बात को लेकर इस बार एक स्टूडियों में ऑनलाइन शो के जरिये समारोह हुआ। सोशल डिस्टेंस और नियमो का पालन करते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री इस लाइव शो में शामिल हुए और दमोह के मददगारों के सम्मान के श्रंखला को प्रारम्भ किया। इस आयोजन के जरिये अब रोजना कोरोना संकट काल में सहयोग करने वाली संस्थाओं को पांच-पांच कर सम्मानित किया जाना है और पहली पांच संस्थाओं के प्रतिनिधियों को केन्द्रीय मंत्री श्री पटेल के साथ खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष श्री प्रदुम्न सिंह लोधी, दमोह विधायक राहुल सिंह ने सम्मानित किया। 15 अगस्त से शुरू हुई ये श्रंखला आगामी सप्ताह भर तक जारी रहेगी। इस मौके पर केन्द्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल ने कहा कि अभी संकट टला नहीं है, इसलिए सभी को सतर्क रहने की जरुरत है और जिन लोगों के सम्मान की श्रंखला आज से टीम दमोह आयडल और गणेश फैंस क्लब ने शुरू की है वो इस बात का ख़याल रखें की हम सतर्क सावधान रहने के साथ ही लोगों के संपर्क में आएं। उन्होंने सम्मान को जायज बताते हुए कहा की हर स्तर पर सहयोग और सेवा करने वाले लोगों का सम्मान होना चाहिए।



