दमोह दर्पणमध्य प्रदेश

गंदगी की भरमार मड़ियादो हो रहा शर्मशार

वाहन के पहिया आधे से ज्यादा डूब जाते हैं दलदल में

दमोह। कुछ दिनों बाद हम स्वच्छता अभियान मनाने वाले हैं और अक्टूबर भी अब ज्यादा दूर नहीं है। महात्मा गांधी जी का सपना था कि हमारा देश हमेशा स्वच्छ रहे, स्वास्थ्य रहे, जिसके लिए देश मे कई प्रकार के अभियान भी चलाये जा रहे हैं पर यह चर्चा टीवी या सिर्फ कागजों में देखने को मिलती है। ऐसा ही मामला जिले के ग्राम मड़ियादो में देखने को मिल रहा है। जब हम मडियादो की मुख्य मार्ग पर पहुंचते हैं जहां पर प्रसिद्ध चंडी माता का मंदिर है वहीं 100 मीटर दूरी पर पुलिस थाना भी है। कीचड़ से सराबोर यह सड़क जहां पर हालात इतने गंभीर हैं कि निकलने वाले नाक दबाकर यहां से निकलते हैं और वाहनों के पहिए आधे से ज्यादा डूब जाते हैं। इस बदहाल सड़क से गुजरने वाले राहगीरों का जो हाल होता है वह वही जानते हैं क्योंकि जब वाहन वहां से निकलते है और उसी वक्त यदि कोई राहगीर वहां फस जाते हैं तो कीचड़ की तेज बौछार जब राहगीरों पर पड़ती है। तब स्वच्छता अभियान दूर-दूर तक नहीं दिखाई देता। अब प्रशासन या तो आंख बंद करके वहां से निकलता है या जुबान पर ताला लगाकर कोने में बैठना उनकी आदत में शामिल हो गया है। स्थानीय प्रशासन तो हर विभाग में कहीं ना कहीं अनदेखी करते हैं जो समाचार में आये दिन देखने को मिलती है। जब तक कोई आवाज नहीं उठाते तब तक ऐसा कोई काम नहीं होता, जो अपने मन से स्वच्छता के मामले में या गांव के नवनिर्माण और प्रगति में शामिल हो। कुछ स्थानीय लोगों से हमें जानकारी मिली कि यह दशा कई सालों से है और यहां पर दलदल की यह स्थिति हर बरसात में निर्मित हो जाती है। आम दिनों में भी यह कचरे का पूरा का अंबार यहां पर लगा रहता है, लेकिन आवाज कहीं से नहीं आती। युवा मनोज यादव ने बताया कि मड़ियादो के बाजार प्रांगड़ के ठीक पहले माता चंडी जी का मंदिर कई वर्षों से स्थापित है। मंदिर के ठीक बाजू से बहुत ज्यादा कीचड़ सना हुआ है, कचरे का ढेर और गंदगी का अंबार लगा हुआ है। मनोज ने बताया कि माता के आशीर्वाद से ही हम लोग आज कोरोना जैसी महामारी से बचे हुए है, लेकिन गंदगी के इस माहौल में माता का मंदिर कीचड़ से बदहाल हो गया है। यहां पर साफ सफाई होना बहुत आवश्यक हो गया है। पंडित सानू उपाध्यक्ष ने बताया कि आये दिन यहां कीचड़ और गंदगी के कारण मंदिर के अंदर भी गंदगी के छींटे पहुच जाते है। जिससे हम लोगो को प्रतिदिन पानी से मंदिर साफ करना पड़ता है। रोहित सैनी ने बताया कि पंचायत द्वारा साफ सफाई को लेकर बिल्कुल भी ध्यान नही दिया जा रहा। बाजार प्रांगण के एक ओर चंडी जी माता का मंदिर और जानकीरमण मंदिर है तो दूसरी ओर भगवान महाकाल का शिव मंदिर भी है। दोनो मंदिरों के सामने कीचड़ ऐसा सना हुआ है मानो यहां दलदल मचा हो। युवा सोनू सोनी ने बताया कि ग्राम में चारो तरफ गंदगी बहुत अधिक फैली हुई है। मड़ियादो का बाजार ही यहां की शोभा बढ़ाता है पर जब बाजार में ही दलदल जैसे हालात हैं तो फिर बस्ती के अंदर का क्या हॉल हो गया होगा। सब्जी विक्रेता दममू पटेल ने बताया कि ऐसे ही दलदल के बीचोबीच उन्हें सब्जी की दुकान लगाना पड़ती है। कई राहगीर इस दलदल से निकलते समय गिर भी चुके है जिससे उन्हें चोटें भी आई है। चंडी माता मंदिर से लेकर बाजार के चारो तरफ कीचड़ की साफ सफाई होना अत्यंत आवश्यक हो गया है। ग्रामवासियों ने बताया कि कुछ युवा साथियों ने मिलकर चंडी माता मंदिर की सफाई को लेकर अस्थाई रूप से एक सुरक्षा कवच बना दिया है जिससे कि कीचड़ मंदिर के अंदर न पहुचे। लेकिन ये दलदल भरी कीचड़ और गंदगी से सनी राहें कब तक लोगो को नाक और मुँह बन्द करके निकलने को मजबूर करती रहेगी, यदि यही हाल रहा तो अनेको बीमारियों को उत्तपन होगी। पंचायत को शीघ्र ही साफ सफाई करवाना बहुत जरूरी हो गया है। युवाओं ने मिलकर यहां आवाज उठाई है और इसके माध्यम से संदेश कह दिया है कि गांव में जहां-जहां भी इस तरीके की गंदी सड़कें हैं आवाजाही में जहां पर ऐसे बदहाल हालत हैं। वहां पर स्थानीय प्रशासन को आगे आकर कार्य करना चाहिए क्योंकि यह समय महामारी का है तो और भी विकट स्थिति निर्मित हो जाती है। जहां पर हमें साफ सफाई सैनिटाइजिंग हाइजेनिक जीवन की परम आवश्यकता है स्वास्थ्य ही उत्तम जीवन का आचरण है जिसकी हर शिशु से लेकर बुजुर्गों को आवश्यकता है और उम्मीद है कि यह अभियान कहां तक सफल होता है और इस मुहिम को आगे बढ़ाने में कौन पहल करता है या गंदी सड़क या हर अव्यवस्था के प्रबंधन को बार-बार ऊंची ऊंची आवाज उठानी पड़ेगी।

इनका कहना है-

ग्राम की मुख्य सड़क और बाजार प्रांगड़ में हो रही गंदगी और कीचड़ की साफ सफाई करने हेतु ग्राम पंचायत में बोला गया है शीघ्र ही साफ-सफाई की जावेगी।

अरविंद सिंह, थाना प्रभारी , मड़ियादो।

इनका कहना-

बाजार प्रांगण और मुख्य सड़क पर हो रही गंदगी व कीचड़ की साफ-सफाई किये जाने हेतु सफाई कर्मचारियों को आदेश दिया गया है, शीघ्र ही साफ सफाई कराई जाएगी।

स्वदेश त्रिपाठी, सचिव, ग्राम पंचायत मड़ियादो

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page