लोगों से सुरक्षा उपाय अपनाने का अनुरोध

जबलपुर। कलेक्टर श्री भरत यादव ने मंगलवार 18 अगस्त की ब्रीफिंग में कोरोना सबंधी अपडेट देते हुये बरगी बांध के आज दोपहर खोले गये 13 गेट के मद्देनजर जिले के निचले इलाकों के रहवासियों से घाटों एवं डूब क्षेत्र से सुरक्षित दूरी बनाये रखने का आग्रह किया है । श्री यादव ने गणेश उत्सव एवं मोहर्रम की व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन, पुलिस, नगर निगम एवं अन्य सबंधित विभागों के अधिकारियों की आज आयोजित की गई सँयुक्त बैठक की जानकारी देते हुये नागरिकों से इन त्यौहारों के दौरान कोरोना प्रोटोकॉल तथा केंद्र एवं राज्य शासन द्वारा जारी गाईड लाइन का पालन करने का आग्रह किया है । उन्होंने बताया कि कोरोना के संक्रमण से आम लोगों के स्वास्थ की सुरक्षा को देखते हुये त्यौहारों को लेकर प्रतिबंधात्मक आदेश भी जारी किये गये हैं तथा प्रतिमाओं एवं ताजियों को सार्वजनिक स्थानों पर रखने पर रोक लगाई गई है । कलेक्टर ने कोरोना से सुरक्षा के मद्देनजर गणेश उत्सव एवं मोहर्रम के दौरान घरों में ही छोटी-छोटी प्रतिमा एवं छोटे ताजिया रखने का अनुरोध भी किया है ।



