नरसिंहपुर दर्पणमध्य प्रदेश

पंचायतों को कार्यों के लिए मिलेगी पर्याप्त धन राशि

जबलपुर दर्पण नरसिंहपुर ब्यूरो

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने पंचायतों को पंद्रहवें वित्त आयोग की राशि जारी की वित्त वर्ष में दिए गए कुल 3984  करोड़ मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा है कि देश की सत्तर प्रतिशत आबादी गांवों में निवासरत है। गांवों की तस्वीर बदलने का दायित्व पंचायत प्रतिनिधियों का है। राज्य सरकार इन कार्यों के लिए संसाधनों की कोई कमी नहीं होने देगी। पंचायत प्रतिनिधि विकास कार्यों का पूरी प्रतिबद्धता, पारदर्शिता और ईमानदारी से संचालन करें। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने 15वें वित्त आयोग अनुदान की 996 करोड़ राशि, पंचायतों को सिंगल क्लिक से ई-ट्रांसफर की। इस अवसर पर उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों को संबोधित भी किया। मंत्रालय से आयोजित इस वर्चुअल संवाद में मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कोरोना काल में पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा की गई व्यवस्थाओं और कार्यों के लिए उनकी सराहना की।         मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि पंच परमेश्वर योजना के अंतर्गत प्राप्त 996 करोड़ रूपए पंचायतों को उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इससे पेयजल और स्वच्छता से संबंधित कार्य कराये जाना है। इस वित्तीय वर्ष में अब तक पंचायतों को 15 वें वित्त आयोग से तीन हजार 984 करोड़ रूपए उपलब्ध कराए जा चुके हैं। इससे ग्रामों की तस्वीर बदलेगी। इस मौके पर बताया गया कि कुल राशि का 85 प्रतिशत ग्राम पंचायत, 10 प्रतिशत जनपद पंचायत और 5 प्रतिशत जिला पंचायतों को उपलब्ध कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि पंच परमेश्वर योजना गांवों के लिए वरदान सिद्ध हुई है। इससे ग्राम पंचायतों ने पेयजल, जल संरक्षण, अधोसंरचना निर्माण और कोरोना महामारी से बचाव के लिए सैनेटाइजर, मास्क, प्रवासी श्रमिकों की भोजन व्यवस्था, आश्रय तथा अन्य प्रशासनिक कार्य संचालित किए हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने पंचायत प्रतिनिधियों से मुख्यमंत्री पथ विक्रेता योजना, पात्रता पर्ची तथा खाद्यान्न वितरण की तैयारियों और संबल योजना के क्रियान्वयन की स्थित की जानकारी भी ली।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page