प्रधानमंत्री ने स्ट्रीट वेंडर्स योजना के हितग्राहियों से किया संवाद

मंडला निकाय के 504 पथ व्यवसायी लाभान्वित, कुल 603 प्रकरण स्वीकृत
मण्डला। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने विक्रेता स्ट्रीट वेंडर्स योजना के तहत् योजना से लाभान्वित होने वाले हितग्राहियों को सजीव प्रसारण के माध्यम से संबोधित किया गया। उन्होंने मध्यप्रदेश के इंदौर, ग्वालियर तथा रायसेन जिले के पथ विक्रेता हितग्राहियों से सजीव संवाद भी किया। श्री मोदी ने स्ट्रीट वेंडर्स योजना के माध्यम से प्रदेश के एक लाख से अधिक लाभान्वित हितग्राहियों को योजना से जुड़े विभिन्न पक्षों एवं योजना के बहुउद्देशीय लाभ के बारे में जानकारी दी। उन्होंने योजना के माध्यम से दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में बताया। नगरपालिका स्थित टाऊनहॉल में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सजीव प्रसारण को जिले के स्ट्रीट वेंडर्स हितग्राहियों ने सुना। इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती पूर्णिमा शुक्ला, कलेक्टर हर्षिका सिंह, उपाध्यक्ष गिरीश चंदानी, एडीएम, एसडीएम मंडला, सीएमओ नगरपालिका, पार्षदगण तथा हितग्राही उपस्थित रहे। कार्यक्रम के पश्चात कलेक्टर ने टाऊनहॉल में उपस्थित हुए स्वधन निधि योजना के हितग्राहियों से योजना के बारे में चर्चा भी की।
सीएमओ नगरपालिका ने बताया कि इस योजनांतर्गत 1900 विभिन्न शहरी पथ विक्रेताओं के ऑनलाईन पंजीयन किए गए जिसमें से 1464 पात्र हितग्राही चिन्हित किए गए हैं। पात्र हितग्राहियों में से 980 हितग्राहियों के प्रकरण विभिन्न बैंको को नगरपालिका द्वारा प्रेषित किया गया है। बैंकों द्वारा 603 हितग्राहियों के प्रकरण स्वीकृत कर वितरण की कार्यवाही की गई है। नगरपालिका ने ऐसे पात्र हितग्राही जिन्हें कार्यशील पूंजी अप्राप्त है से अनुरोध किया है कि वे बैंकों से संपर्क करें। इस योजना में मंडला निकाय के 504 पथ व्यवसायी लाभान्वित हुए।



