अपात्रों को पात्र बता कर दिया जा रहा पीएम आवास योजना का लाभ

- गरीब आदिवासी तबके के लोग कर रहे आवास मिलने का इंतजार।
डिंडोरी ब्यूरो। जिले के जनपद पंचायत समनापुर अंतर्गत ग्राम पंचायत की किंवटी में पंचायत प्रतिनिधियों की मनमानी आए दिन सामने आती रहती है, बावजूद ठोस कार्यवाही ना होने के चलते पंचायत के जिम्मेदारों के हौसले बुलंद हैं। ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत की मनमानी करने की शिकायत जिला कलेक्टर से की गई थी, लेकिन शिकायत के महीनों बाद भी कोई कार्यवाही नहीं की गई, जिससे ग्रामीणों में असंतोष व्याप्त है। लोगों का कहना है कि अपात्र लोगों को पात्र बता कर मनमानी पूर्वक अपने चहेतों को पीएम आवास योजना का लाभ दिया जा रहा है, जबकि गरीब तबके के आदिवासी लोग पीएम आवास आने का लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं।लेकिन इन आदिवासी ग्रामीणों को आवास ना देकर अपात्र लोगों को आवास योजना का लाभ पंचायत द्वारा दिया जा रहा है,जिस पर लोगों ने आपत्ति उठाते हुए कार्यवाही करने की मांग की है।
- शिकायत के बाद भी नहीं हो रही कार्यवाही स्थानीय ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों की मनमानी से परेशान जिला कलेक्टर को शिकायत पत्र सौंपा था,जिसमें जल्द कार्यवाही करने की मांग की गई थी, लेकिन शिकायत के महीनों बाद भी जिम्मेदारों के ऊपर कोई कार्यवाही नहीं की गई। शिकायत में ग्रामीणों ने उल्लेख किया कि ग्राम पंचायत द्वारा पीएम आवास, मनरेगा ,सीसी सड़क निर्माण ,शौचालय निर्माण आदि कार्यों में जमकर मनमानी की जा रही है, जिसका कोई हिसाब किताब स्थानीय ग्रामीणों को नहीं है, ओर ना ही पंचायत भवन में बैठकर लगाई जाती एवं ग्राम पंचायत भवन तक पंचायत के जिम्मेदार नहीं पहुंचते, जिससे शासन की महत्वकांक्षी जनकल्याणकारी योजनाओं का सही क्रियान्वयन नहीं हो रहा है, स्थानीय ग्रामीणों ने जांच कराकर कड़ी कार्यवाही करने की मांग की है।



