दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में एक की मौत, दो घायल

तेज रफ्तार चार पहिया वाहन पेड़ से टकराई मौत।
डिंडोरी ब्यूरो। जिले में कल बुधवार को दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में एक युवक की मौत हो गई है तथा दो अन्य घायल बताए जा रहे हैं। पहली घटना डिंडोरी अमरकंटक मार्ग पर कनईसांग तिरहा के पास की बताई जा रही है,जहां तेज रफ्तार चार पहिया वाहन एक पेड़ से टकरा गया, जिससे चार पहिया वाहन के परखच्चे उड़ गए और कार में सवार एक युवक की मौत हो गई तो वही दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया गया कि मृतक नितिन पट्टा कारोपानी के सरपंच का लड़का था, वहीं एक अन्य साथी गुलाब मरावी जो गंभीर रूप से घायल है जिसे जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जहां घायल युवक का इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद मृतक युवक को कार से बाहर निकाला गया,एंबुलेंस की मदद से मृतक युवक को जिला अस्पताल लाया गया, जहां देर शाम पुलिस अपनी कार्यवाही करती नजर आई। प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो कार की स्पीड अधिक थी, यही कारण है कि अनियंत्रित होकर कार सड़क किनारे लगी एक पेड़ से टकरा गई,टक्कर इतना जोरदार था कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
- अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई चार पहिया वाहन दूसरी घटना बजाग थाना क्षेत्र अंतर्गत खरगहना पंचायत के पास देखने को मिली, जहां तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा गई, जिसमें सवार एक महिला को चोटें आई हैं जिसे जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। बताया गया कि दुर्घटनाग्रस्त कार सवार लोग छत्तीसगढ़ के रहने वाले हैं, जो डिंडोरी से अमरकंटक की तरफ जा रहे थे, तभी खरगहना गांव के पास दुर्घटना का शिकार हो गए, घटना में कार के सामने का हिस्सा पूरी तरह डैमेज हो गया है, जिसकी सूचना भी स्थानीय थाने में दे दी गई है।



