शिल्पी प्लाजा की सड़कों पर रेंगने लगे थे सारे वाहन

यातायात थाना का बल सुधार करने उतरा सड़क पर
रीवा दर्पण। संभागीय मुख्यालय रीवा के शिल्पी प्लाजा क्षेत्र की अति व्यस्त सड़कों पर जाम मुसीबत बनते ही राहत देने के लिए यातायात थाने के बल को सड़क पर उतरना पड़ा। संभागायुक्त कार्यालय, पुलिस अधीक्षक कार्यालय सहित अन्य महत्वपूर्ण सरकारी कार्यालय जिस शिल्पी प्लाजा क्षेत्र में संचालित होते हैं। रीवा शहर का मुख्य बाजार शिल्पी प्लाजा एरिया को कहा जाता है। यहां पर नियमित रूप से चौकी होने के बाद भी यातायात व्यवस्था कंट्रोल में नहीं रह पाती है। यातायात थाना के लिए हमेशा शिल्पी प्लाजा एरिया का यातायात हमेशा बड़ी चुनौती साबित हुआ है। यातायात थाना प्रभारी सहित पुलिस बल सड़क पर उतरा और यातायात व्यवस्था को बहाल करने लगा। शिल्पी प्लाजा जैसा वीआईपी एरिया होने के बाद भी सड़कों पर अवैध रुप से चार पहिया वाहनों का कब्जा सबसे बड़ी चुनौती बन गया है। यातायात थाने का बल भी संभागायुक्त कार्यालय पहुंच मार्ग पर चार पहिया वाहनों को हटाने की हिम्मत नहीं दिखाता है। यदि चार पहिया वाहनों को सही तरीके से खड़ा करवाया जाए तो शिल्पी प्लाजा क्षेत्र में सुचारू आवागमन संभव हो सकता है। लेकिन ऐसा करने का रिस्क कोई मोल नहीं लेना चाहता। शिल्पी प्लाजा पहुंच मार्ग सहित अस्पताल चौक, प्रकाश चौराहा, अमहिया सहित पुराने बाजार वाले एरिया में सुबह सूरज की किरणों के निकलने के साथ ही जाम लगने लगता है।



