सभी अधिकारी मतगणना कार्य को विधिवत रूप से सम्पादित करने हेतु दिए गए दायित्वों का करें निर्वहन

अनूपपुर। विधानसभा क्षेत्र अनूपपुर में उपनिर्वाचन मतगणना कार्य के सुव्यवस्थित एवं विधिवत रूप से संचालन के सम्बंध में कलेक्ट्रैट सभाकक्ष में आयोजित नोडल अधिकारियों की बैठक में कलेक्टर एवं ज़िला निर्वाचन अधिकारी चंद्रमोहन ठाकुर ने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी दिए गए दायित्वों का आयोग के दिशानिर्देशों अनुसार समयबद्ध रूप से सम्पादन करें। इस दौरान अपर कलेक्टर एवं उप ज़िला निर्वाचन अधिकारी सरोधन सिंह, रिटर्निंग अधिकारी विधानसभा क्षेत्र अनूपपुरकमलेश पुरी सहित सम्बंधित नोडल अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में मैनपॉवर प्रबंधन, मतगणना प्रशिक्षण, सामग्री प्रबंधन, प्रवेश प्रक्रिया, मतगणना हॉल की तैयारी, विद्युत व्यवस्था, स्ट्रॉंग रूम प्रबंधन, टैबुलेशन, कोरोना को दृष्टिगत रखते हुए आयोग के दिशानिर्देशों अनुसार आवश्यक स्वास्थ्य व्यवस्थाएँ, चिकित्सा सुविधाएँ, वीडियोग्राफ़ी, पोस्टल बैलट मतगणना व्यवस्था सहित अन्य सम्बंधित महत्वपूर्ण विषयों के सम्बंध में ज़िला निर्वाचन अधिकारी श्री ठाकुर द्वारा निर्देश दिए गए। उल्लेखनीय है कि आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम अनुसार मतगणना का कार्य मंगलवार 10 नवम्बर को मतगणना केंद्र शासकीय पॉलीटेक्निक़ कॉलेज अनूपपुर में किया जाएगा।



