आगामी त्यौहारों के मद्देनजर राजस्व और पुलिस की बैठक सम्पन्न

मण्डला। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने आगामी दीवाली और उसके बाद आने वाले त्यौहारों के मद्देनजर राजस्व और पुलिस अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने कहा कि त्यौहारों के मद्देनजर शासन से जारी आदेशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि दीवाली के दौरान प्रदूषण को रोकने राष्ट्रीय हरित न्यायाधिकरण द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन कराये। उन्होंने पुलिस और राजस्व अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में शासन-प्रशासन से जारी आदेशो के बारे में जनता को जानकारी देते हुए इसका प्रभावी प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में श्रीमती सिंह ने बताया कि राजस्व एवं पुलिस अधिकारी इस बार लोगों को हरित दीवाली मनाने की समझाईश दें। उन्होंने बताया कि दीवाली के दौरान रात 8 बजे से 10 बजे के बीच पटाखे आदि जलाने का समय निर्धारित किया गया है। उन्होंने दीवाली और आगामी त्यौहारो के दौरान कोरोना नियंत्रण के लिए जारी दिशा-निर्देशों का भी सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने बाजारो में अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करने स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस द्वारा व्यापक जन-जागरूकता, अनाउंसमेंट आदि कार्य करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने नगरीय निकायों में फॉयर सेफ्टी, इंतजाम पुख्ता रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्थानीय क्षेत्रों के अस्पतालों में डॉक्टर, दवाईयां, एम्बुलेंस आदि की व्यवस्था तैयार रखने के निर्देश दिए। उन्होंने 15 नवंबर को मनाई जाने वाली बिरसा मुंडा जयंती पर होने वाले आयोजन के लिए अनुमति जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी कार्यक्रम बिना अनुमति संचालित नही होगा। उन्होंने पुलिस और राजस्व अधिकारी को अपने क्षेत्रों में होने वाले आयोजनों पर नजर रखने के निर्देश दिए तथा इस संबंध में अपने वरिष्ठ अधिकारियों से लगातार संपर्क में रहने की बात कही। श्रीमती सिंह ने राजस्व अधिकारियों को अपने क्षेत्र की मिठाई दुकानों में जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मिठाईयों का सेम्पल लेकर उनकी जांच कराएं तथा मिलावट पाए जाने पर संबंधित के विरूद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करें।
मड़ई-मेले का नही होगा आयोजन
बैठक में कलेक्टर ने बताया कि जिला आपदा प्रबंधन समिति की बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार इस वर्ष कोरोना संकट को देखते हुए मड़ई या मेले का आयोजन नही होगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और नगरीय स्तर पर इस संबंध में ज्यादा से ज्यादा जानकारी प्रसारित करे। एसपी श्री यशपाल सिंह राजपूत ने त्यौहारों के दौरान पुलिस अधिकारियों को लगातार पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि थानों और चौकियों में फॉयर सेफ्टी के पर्याप्त इंतजाम पुख्ता रखें। बैठक में एडीएम मीना मसराम सहित वीसी के माध्यम से राजस्व और पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।



