नवीन फोटोयुक्त मतदाता सूची का हुआ प्रकाशन

जिला निर्वाचन अधिकारी ने मीडिया को दी जानकारी
मण्डला। जिला योजना भवन में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह ने निर्वाचन आयोग के तय कार्यक्रम अनुसार जिले की नवीन फोटोयुक्त मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन किया। उन्होंने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को निःशुल्क मतदाता सूची की सीडी एवं दस्तावेज उपलब्ध कराए। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि कोई भी व्यक्ति 2 रूपये प्रति पृष्ठ एवं 100 रूपये सीडी के अनुसार मतदाता सूची प्राप्त कर सकता है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने मीडिया को निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा संपन्न की जा रही गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस संबंध में दावे आपत्तियों के लिए 25 नवम्बर से 24 दिसम्बर तक की समयावधि निर्धारित है। इसी प्रकार 7 जनवरी 2021 तक दावे आपत्तियों का निराकरण किया जाएगा। निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 15 जनवरी 2021 को किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने विधानसभावार मतदान केन्द्रों की जानकारी दी। इसी प्रकार उन्होंने राजनैतिक दलों द्वारा नियुक्त बीएलओ की पार्टीवार एवं विधानसभावार जानकारी भी दी। श्रीमती सिंह ने प्रारूप प्रकाषन के दौरान जिले की तीनों विधानसभाओं की आंकड़ेवार जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग के जारी कार्यक्रम के अनुसार 12 दिसम्बर एवं 13 दिसम्बर तथा 19 दिसम्बर एवं 20 दिसम्बर को प्रत्येक मतदान केन्द्रों में विशेष कैम्पों का आयोजन किया जाएगा जिसमें बीएलओ अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी मीना मसराम, एसडीएम मंडला प्रथम कौशिक, मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि एवं जिले की इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित थे।



