मण्डला दर्पणमध्य प्रदेश

प्रत्येक संक्रमित मरीजों की सभी जांच कराएं, उन्हें समुचित व्यवस्थाएं उपलब्ध कराएं: श्री बोरकर


संभाग आयुक्त ने की कोरोना नियंत्रण समीक्षा

मण्डला। कोरोना नियंत्रण की समीक्षा करते हुए संभागायुक्त चंद्रशेखर बोरकर ने निर्देशित किया कि कोरोना संक्रमित मरीजों की सभी जरूरी जांचे अनिवार्य रूप से की जाएं तथा उन्हें समुचित उपचार एवं व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने जिले में कोरोना नियंत्रण के लिए बनाई गई व्यवस्था के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। श्री बोरकर ने जिले में अब तक लिए गए कुल सैंपल तथा प्रतिदिन लिए जा रहे सेम्पल संख्या के संबंध में विकासखंडवार जानकारी ली। समीक्षा के दौरान उन्होंने जिले में पॉजिटिव मरीजों की संख्या तथा वर्तमान में एक्टिव मरीजों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने होम आईसोलेशन में रहने वाले मरीजों को शासन से जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संक्रमित मरीज को होम आईसोलेशन में रखने से पूर्व उसके घर की स्थिति तथा जरूरी प्रोटोकॉल के पालन की परिस्थितियों की समुचित रूप से जांच करें। जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित होने की दशा में ही संक्रमित व्यक्ति को आइसोलेशन में रखें। श्री बोरकर ने होम आइसोलेशन में रह रहे व्यक्ति के लिए जरूरी जांच उपकरण के बारे में भी चर्चा की। उन्होंने जिला चिकित्सालय एवं कोरोना केयर सेंटर में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।
संभाग आयुक्त ने जिले में अन्य राज्यों से आने वाले प्रवासी मजदूरों की संख्या पूछते हुए उनके सतत् स्वास्थ्य परीक्षण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग द्वारा वर्तमान में कोरोना संक्रमित मरीजों को दी जा रही है दवाएं एवं अन्य व्यवस्थाओं के बारे में विस्तार से जाना। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमित मरीजों के लिए सकारात्मक माहौल तैयार करें, उन्हें लगातार मोटिवेट करें तथा उनके मनोरंजन के लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी डॉक्टर अनिवार्य रूप से संक्रमित मरीजों के स्वास्थ्य की जांच करें तथा नियमित रूप से मरीजों से उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी लेते रहें। समीक्षा के दौरान संभाग आयुक्त ने महिला स्वास्थ्य शिविर की विकासखंड जानकारी ली। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जरूरी निर्देश दिए। श्री बोरकर ने विगत सप्ताह जिले में आयुष्मान कार्ड की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को आयुष्मान कार्ड उपलब्ध कराएं तथा शासन से जारी लक्ष्य के अनुपात में अधिक से अधिक उपलब्धि दर्ज कराएं। उन्होंने विगत् सप्ताह से आयुष्मान कार्ड की प्रगति पर संतोष जाहिर करते हुए इसे मिशन मोड में पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह, जिला पंचायत सीईओ तन्वी हुड्डा, एडीएम मीना मसराम, एसडीएम प्रथम कौशिक, सीएमएचओ डॉ. श्रीनाथ सिंह तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page