विभागीय लापरवाही के कारण जगह-जगह से बहता है नज जल योजना का पानी

निर्माण कार्य के दौरान घटिया किस्म की सामग्री उपयोग करने का आरोप।
डिंडोरी, जबलपुर दर्पण ब्यूरो। एक तरफ शासन प्रशासन द्वारा लगातार पेयजल संकट को देखते हुए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से गांव, कस्बों सहित अन्य सभी स्थानों तक पीने की पानी की व्यवस्था करा रही है, ताकि लोगों को पीने का शुद्ध पानी उपलब्ध हो सके, वहीं दूसरी ओर पीएचई विभाग के अधिकारियों की लगातार मनमानी सामने आ रही है। ताजा मामला डिंडोरी जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत मुड़िया कला में सामने आया है, जहां मुख्यमंत्री पेयजल योजना के तहत नल जल योजना का संचालन किया जा रहा है। गौरतलब है कि लाखों रुपए की लागत से पानी की टंकी का निर्माण कार्य किया गया, ताकि लोगों को पीने का शुद्ध पानी उपलब्ध कराया जा सके ,लेकिन पीएचई विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों सहित ठेकेदार के साथ सांठगांठ करके गुणवत्ता हीन पाइपों को बिछा दिया गया, जिसका नतीजा यह है कि आए दिन पाइप फटते रहते हैं, जिसके कारण लोगों को पानी नहीं मिल पाता, और व्यर्थ ही हजारों लीटर पानी बहाया जा रहा हैं। मामले को लेकर ग्रामीणों द्वारा इसके लिए कई बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन शासन प्रशासन व ठेकेदार के ऊपर शिकायतों का कोई असर नहीं होता है। आरोप है कि कठेकेदार पर पीएचई विभाग के अधिकारियों का संरक्षण प्राप्त है। जानकारी में बताया गया कि पानी को बोर से टंकी तक लाने के लिए जो पाइप लाइन लगाई गई है ,उसमें एयर वॉल लगाए गए ,एयर वाॅल की कोई सुरक्षा नहीं है, उन एयर वाॅल को इसलिए लगाया गया है ,ताकि प्रेशर बढ़ने पर एयर उसमें से बाहर निकल जाए, लेकिन उन एयर वालों की कंडीशन कमजोर है। जिससे लोगों को पानी नहीं मिल पाता है , मामले को लेकर अधिकारियों से इस बात की शिकायत कई बार की जा चुकी है ,लेकिन अधिकारी द्वारा किसी भी प्रकार की कोई कार्रवाई नहीं हुई।



