अंजनिया में जनता कर्फ्यू…

मण्ड़ला/अंजनिया. अंजनिया कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए ग्राम पंचायत अंजनिया के ग्रामीणों एवं व्यापारियों ने ग्राम पंचायत के साथ मिलकर आगामी 1 से 4 मई तक ग्राम में जनता कर्फ्यू लगाने का फैसला लिया है। अंजनिया में इस समय कोरोना वायरस से संक्रमित लगभग 60 मरीज ऐक्टिव हैं और गांव में कोरोना वायरस से कुछ लोगों की मृत्यु भी हो चुकी है ऐसे में कोरोना संक्रमण की चैन ब्रेक करने के लिए ग्रामीणों ने अपनी मर्जी से जनता कर्फ्यू लगाने का फैसला लिया है।ग्राम पंचायत के सचिव प्रकाश तिवारी ने बताया कि जनता कर्फ्यू अवधि के दौरान अतिआवश्यक सेवा को छोड़कर ग्राम के सभी व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहेंगे।सब्जी एवं फल व्यापारी चलित व्यवसाय कर सकेंगे एक जगह पर दुकान लगाकर व्यवसाय करना प्रतिबंधित रहेगा।गांव में बाहर से आने वाले आटो-टेक्सियों को गांव में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। माइक्रो कंटेनमेंट जोन में आवागमन पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। अनावश्यक रूप से आवाजाही करने वाले लोगों पर सख्ती से कानूनी कार्रवाई की जाएगी।ग्राम पंचायत के सरपंच सुधीर मरावी ने ग्रामवासियों से सहयोग करने की अपील करते हुए जनता कर्फ्यू का पालन करने को कहा है।जनता कर्फ्यू की अवधि में ग्राम में स्वास्थ विभाग एवं महिला बाल विकास की टीम के द्वारा किल कोरोना अभियान-2 के तहत व्यापक सर्वे कराने की तैयारी है इस संदर्भ में अनुविभागीय दंडाधिकारी बिछिया के द्वारा टीम गठित कर सर्वेक्षण के आदेश प्रसारित कर दिए गए हैं। ग्रामीणों द्वारा जनता कर्फ्यू लगाने के निर्णय की जानकारी होने पर जिला कलेक्टर श्रीमती हर्षिका सिंह ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से ग्रामीणों के निर्णय को सराहा है।



