अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पांच मार्च को आयोजित होंगें विभिन्न कार्यक्रम

डिंडोरी, जबलपुर दर्पण न्यूज। जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग मंजूलता सिंह ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का कार्यक्रम 05 मार्च को जिला मुख्यालय सहित सभी जनपद मुख्यालयों में संपन्न होगा। पांच मार्च को आयोजित होने वाले कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, विभागीय अधिकारियों एवं महिलाओं को शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि 05 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर पीहर मेला का आयोजन किया जाएगा, जिसके अंतर्गत सास-बहू सम्मेलन, मेंहदी सजाना सहित अन्य प्रतियोगिता आयोजित कि जाएगी। कार्यक्रम में ढोलक, गाना-बजाना, भजन एवं डांस, स्व-सहायता समूहों की दीदियों के द्वारा स्टाॅल का आयोजन, दिल की बात में सास बहू के साथ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। महिला एवं बाल विकास विभाग के द्वारा बुधवार को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के संबंध में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मीडिया कार्यशाला आयोजित की गई थी। आयोजित कार्यशाला में अपर कलेक्टर सरोधन सिंह, सहायक संचालक जनसंपर्क कमल किशोर मेरावी, डाॅ. समीक्षा सिंह, संपादक चेतराम राजपूत, पत्रकार आशीष शुक्ला, पीयूष उपाध्याय, गणेश मरावी, सुशील ठाकुर, शिवराम बर्मन, लक्ष्मीनारायण कांसकार, नीरज श्रीवास्तव, मो. मज्जू खान, रामप्रकाश मिश्रा, मो. असगर सिद्धिकी, प्रमोद पड़वार, सोशल मीडिया प्रभारी जनसंपर्क लक्ष्मण सिंह राठौर, फोटोग्राफर जनसंपर्क अनिल अवधिया सहित पत्रकारगण मौजूद थे। जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग मंजूलता सिंह ने बताया कि 05 मार्च को लाड़ली बहना योजना के फार्म भरवाए जायेंगे, जिससे लाड़ली बहना योजना से बहनों को एक हजार रूपए प्रतिमाह मिल सके। इसके बाद मिलेट्स पर आधारित कुकरी शो का आयोजन किया जाएगा, जिसमें 56 भोग श्री अन्न उत्सव का कार्यक्रम संपन्न होगा।इसके बाद फिल्म शो का आयोजन किया जाएगा, जहां सांस्कृतिक कार्यक्रम और दादा-दादी के फैशन शो पर आधारित कार्यक्रम आयोजित किये जायेगें। उन्होंने बताया कि आयोजित कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित तथा निर्णायक कमेटी का गठन कर लिया गया है। जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग मंजूलता सिंह ने बताया कि 05 मार्च को जिला एवं परियोजना मुख्यालयों पर महिलाओं को प्रेरणादायक फिल्म भी दिखाई जाएगी, जिससे वे प्रेरणा पाकर अपने जीवन, परिवार व दिनचर्या में बदलाव ला सकें और समाज को प्रेरित करें। उन्होंने बताया कि परियोजना डिंडौरी में इंग्लिश विंगलिश, परियोजना शहपुरा में दंगल, परियोजना मेंहदवानी में मंथन, परियोजना करंजिया में टाॅयलेट, परियोजना बजाग में मदर इंडिया, परियोजना समनापुर में पैडमेन और इसी तरह परियोजना अमरपुर में सुईधागा फिल्म दिखाई जाएगी।



