मवेशियों से लदा पिकअप वाहन पलटा, दो मवेशियों की मौत

पशु तस्करी करने की आए दिन मामले आ रहे सामने।
डिंडोरी दर्पण ब्यूरो। जिले में पशु तस्करी फिर जोर पकड़ने लगी है, अवैध पशु परिवहन पर लगाम न लगने के चलते तस्करों के हौसले बुलंद हैं। गौरतलब है कि रात के अंधेरों में इस गोरखधंधे को अंजाम दिया जा रहा था। जिसकी बानगी कल शुक्रवार को सुबह विक्रमपुर के नजदीक देखने को मिली जहाँ पशु तस्करी में लिप्त वाहन मवेशीओं को क्रूरता पूर्वक भरकर ले जाया जा रहा था,जो दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में दो नग मवेशियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई है। जबकि 10 अन्य मवेशियों को गंभीर चोटें आई है, जिन्हें इलाज उपरांत पास के कांजी हाउस भेजा गया है।
- मौके पर पहुंची विक्रमपुर थाने की पुलिस।
घटना की जानकारी लगते ही स्थानीय थाने के पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई, जानकारी के मुताबिक विक्रमपुर चौकी अंतर्गत नुनखान गांव के नजदीक जबलपुर अमरकंटक मार्ग के किनारे शुक्रवार की सुबह वाहन क्रमांक MP20 GB 1636 को ग्रामीणों ने दुर्घटनाग्रस्त देखा। जिसकी सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि वाहन में एक दर्जन मवेशी भरे हुए थे, जिनमें से दो नग मवेशियों की मौत हो चुकी थी। पंचनामा उपरांत पुलिस ने पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11 (घ) के तहत प्रकरण कायम कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। मामले को लेकर स्थानीय ग्रामीण तरह-तरह की चर्चाएं भी कर रहे हैं, जिले में लगातार पशु तस्करी करने के मामले सामने आना सवाल खड़ा कर रहा है।



