आई मतवाली वर्षा ऋतु

बूँद-बूँद बरसती,
सरिता सागर बनती,
डाबरों के पानी में-
चिरैया छप-छप करती ।
बचपन हर्षित करती,
लहरों पे इठलाती,
कागज़ की कश्ती-
तूफ़ाँ से लड़ जाती ।
टप-टप छत टपकती,
घर में माँ बरतन भरती,
बच्चों की चिंता सताती,
आँसू पोंछ चूल्हा सुलगाती ।
वर्षा सबकी पीर हरती,
खुशियों से घर भरती,
चेहरों को खिलाकर-
ख़ुद क्यों उदास रहती ।
अवनि से व्योम मिल रहा,
मेघों संग दिनकर खेल रहा,
हाथ आती नहीं धूप-
सूरज ठेंगा बता रहा ।
मेघ निहारे श्यामल घटा,
प्रकृति बिखेरे अनुपम छटा,
वसुंधरा ओढ़े पीत वसन –
ज्यों भानु से जलद हटा ।
खेतों में फ़स्ल हरियाई,
चेहरों पे मुस्कान छाई,
सूरज खेले छुपमछाई,
धूप ऑंगन सुस्ताई ।
नलिन खोईवाल
376-A, सुदामा नगर,स्कॉलर्स एकेडमी स्कूल के सामने,
इंदौर 452009 मध्यप्रदेश
9993771730



