जिला अस्पताल में युवाओं ने किया सामूहिक रक्तदान महादान की अनुकरणीय पहल

डिंडौरी, जबलपुर दर्पण न्यूज। डिंडोरी जिले के प्रतिष्ठित समाजसेवी व सराफा कारोबारी स्व. अयोध्या प्रसाद बिलैया की पहली जन्मजयंती पर सोमवार को जिला अस्पताल में परिजनों सहित जिले के स्थानीय युवाओं ने सामूहिक रक्तदान किया। बताया गया कि रक्तदान करने के आयोजन में सर्व प्रथम स्व. बिलैया के ज्येष्ठ सुपुत्र रवि राज बिलैया, हरिराज बिलैया व सत्यम राज बिलैया ने रक्तदान की शुरुआत की। इसी क्रम में जिले के अन्य जागरूक युवाओं द्वारा ब्लड डोनेट करने के लिए जिला अस्पताल पहुंचे थे, जहां जन्म जयंती के मौके पर रक्तदान करने का अनुकरणीय पहल की शुरुआत की गई है। रक्तदान के अवसर पर युवाओं का उत्साह बढ़ाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के डीपीएम विक्रम सिंह भी ब्लड बैंक पहुंचे, उन्होंने बताया कि आदिवासी बाहुल्य डिंडौरी जिले में एनीमिया और सिकल सेल से पीड़ित मरीजों की संख्या अधिक है, ऐसे में आए दिन अस्पताल में भर्ती मरीजों को रक्त की ज़रूरत पड़ती है। बिलैया परिवार के सदस्यों सहित नगर के युवाओं ने स्वेच्छा से ब्लड डोनेट कर सामाजिक जिम्मेदारी निभाई है, जिससे कई लोगों की ज़िंदगी बचाने में मदद मिलेगी। ब्लड बैंक टेक्नीशियन राजकुमार खांडे ने बताया कि नगर के जागरूक युवा रामकृष्ण गौतम ने आज 30वीं बार रक्तदान कर करने वाले युवा बन गए हैं, जागरूक युवक द्वारा जिला अस्पताल सहित अन्य स्वास्थ्य केंद्रों में ज़रूरत पड़ने पर स्वेच्छा से आए दिन रक्तदान करते हुए नजर आते हैं। रामकृष्ण कहते हैं कि देश में समय पर खून न मिलने के कारण हर साल लाखों लोग जान गंवा देते हैं, जबकि ज़रा सी जागरुकता दिखाकर हम कई जिंदगियां बचा सकते हैं।



