भ्रष्टाचार की दलदल ग्रेवल सड़क में फंसा अधिकारी का वाहन,जांच के लिए पहुंची थी टीम

डिंडोरी, जबलपुर दर्पण ब्यूरो। जिले भर में निर्माण कार्यों के नाम पर भ्रष्टाचार बेलगाम है, जहां निर्माण कार्यों में ठेकेदारों द्वारा जमकर मनमानी बरती जा रही है। भ्रष्टाचार का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पिछले दिनों घटिया ग्रेवल सड़क की शिकायत के बाद जांच करने पहुंचे जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी का सरकारी वाहन ही भ्रष्टाचार की दलदल ग्रेवल सड़क मार्ग में फंस गया। जब जनपद के अधिकारी का सरकारी वाहन ही कीचड़ में फंस गया, तब दो घंटे की कड़ी मशक्कत बाद वाहन को बाहर निकाला जा सका। बताया गया कि जनपद पंचायत डिंडोरी अंतर्गत ग्राम पंचायत बिछिया के पोशक ग्राम महावीर टोला में लाखों रुपए खर्च करके बनाए गए ग्रेवल सड़क मार्ग की शिकायत के बाद जांच करने जनपद पंचायत के अधिकारी पिछले दिनों पहुंचे हुए थे। आरोप है कि जिस सड़क की जांच कर के लिए अधिकारी पहुंचे थे, उसी सड़क में ही अधिकारी का सरकारी वाहन फंस गया, दलदल कीचड़ में फंसे वाहन को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला जा सका। जिससे आसानी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि जिले भर में निर्माण कार्य किस कदर से हो रहे हैं, जो पहली बरसात में ही कीचड़ ही कीचड़ नजर आने लगें हैं, जबकि ग्रेवल सड़क का निर्माण ही कीचड़ से निजात पाने के लिए बनाया जाता है।



