प्रशासन ने मुक्त कराई 28 करोड़ की सीलिंग की भूमि

जबलपुर दर्पण नगर संवाददाता। जिला
कलेक्टर कर्मवीर शर्मा के निर्देश पर माफिया के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान के तहत जिला प्रशासन ने आज बुधवार को नगर निगम एवं पुलिस के सहयोग से आधारताल अनुविभाग के अंतर्गत महाराजपुर में खसरा नम्बर 127/126 की सीलिंग की चार एकड़ भूमि पर किये जा रहे अवैध निर्माणों को जेसीबी मशीनों की सहायता से ध्वस्त कर दिया गया। तहसीलदार अधारताल राजेश सिंह के अनुसार इस भूमि पर गोहलपुर के मोहम्मद यूसुफ नाम के व्यक्ति द्वारा कॉलोनी बनाई जा रही थी। मोहम्मद यूसुफ ने निजी भूमि बताकर सीलिंग की इस भूमि पर भूखंड बेचे जा रहे थे। तहसीलदार अधारताल के अनुसार अतिक्रमण और अवैध निर्माण से मुक्त कराई गई सीलिंग की इस भूमि की कीमत करीब 28 करोड़ रुपये है। उन्होंने बताया कि मुक्त कराई गई भूमि पर पांच-छह लोगों द्वारा निर्माण किया जा रहा था करीब 2 करोड़ की कीमत के इन निर्माणों को भी ध्वस्त कर दिया गया है। तहसीलदार आधारताल के अनुसार महाराजपुर में सीलिंग की मुक्त कराई गई इस भूमि के अलावा आज बुधवार को सुहागी में भी दो स्थानों पर कार्यवाही कर शासकीय भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराया गया है ।



