सौंदर्यीकरण के नाम पर नगर परिषद की खानापूर्ति

डिंडोरी,जबलपुर दर्पण ब्यूरो। एक तरफ लाखों करोड़ों खर्च करके नगर सुंदरीकरण के कार्य करवाए जा रहे हैं, ताकि शहर की सुंदरता बढ़ाई जा सके। वहीं दूसरी ओर जिम्मेदार कर्मी सुंदरीकरण को केवल खानापूर्ति तक सीमित रख रहे हैं, यही कारण है कि गुणवत्ता युक्त कार्य नहीं हो रहे। बताया गया कि मुख्यालय के कलेक्ट्रेट तिराहा के पास बने फुहारा वर्षों से बंद है, जिसे सुधार कार्य करने नगर परिषद द्वारा कोई पहल नहीं की जा रही है। गौरतलब है कि फुहारा लगने के कुछ महीने तक चलने के बाद से ही फुहारा वर्षों से बंद पड़ा है, जबकि फुहारा लगना लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र हुआ करता था। बताया गया कि जिला मुख्यालय के विभिन्न चिन्हित स्थानों में सौंदर्यीकरण करने जगह-जगह निर्माण कार्य कराए गए हैं, जहां मनमानी पूर्वक निर्माण कर कराए गए। आरोप है कि सुंदरीकरण लाने के नाम पर नगर परिषद की खानापूर्ति चल रही है। मामले को लेकर जिले के वरिष्ठ पत्रकार संतोष सिंह चंदेल ने नगर परिषद पर कई गंभीर आरोप लगाते हुए, परिषद कर्मीयों को भ्रष्टाचारी बताया है।



