उप स्वास्थ्य केंद्र मानिकपुर के आसपास से हटाया गया अतिक्रमण

डिंडोरी,जबलपुर दर्पण ब्यूरो। वैसे तो जिले भर में शासकीय भूमियों पर बेतहाशा अतिक्रमण करने का सिलसिला लगातार जारी है। जिला मुख्यालय सहित गांव गांवों के अधिकतर सरकारी जमीनों पर अतिक्रमण हो जाने से दिनोंदिन शासकीय जमीन कम होती जा रही है, बावजूद अतिक्रमण को हटवाने के लिए विभागीय अमला को ठोस पहल नहीं कर रहा। आरोप है कि विभागीय कार्यवाही केवल खानापूर्ति तक सीमित रहती है, यही कारण है कि अतिक्रमण करने का सिलसिला लगातार जारी है, अतिक्रमणकारियों में विभागीय खौफ नहीं रहा। ऐसा ही एक मामला कल गुरुवार को सामने आया, जहां समनापुर जनपद अंतर्गत मानिकपुर गांव में उप स्वास्थ्य केंद्र के आसपास बेतहाशा अतिक्रमण कर लिया गया था। बताया गया कि लंबे समय से बनी परेशानी व पदस्थ स्टाफ की मांग के बाद उप स्वास्थ्य केंद्र भवन के आसपास से अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही पिछले दिनों की गई। जहां समनापुर विभागीय अमला व समनापुर पुलिस की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की गई। बताया गया कि अतिक्रमण हटाने के लिए जेसीबी मशीन की मदद ली गई, मशीन के सहारे अवैध ठेलों को हटाकर अतिक्रमण मुक्त बनाया गया।



