डिंडोरी बाईपास से निकलते हैं रेत से भरे ओवरलोड डंफर

डिंडोरी,जबलपुर दर्पण ब्यूरो। वैसे तो आदिवासी बाहुल्य जिला डिंडोरी में अवैध रेत खनन करने के मामले इससे पहले भी सामने आ चुके हैं, जहां रेत ठेकेदार की मनमानी चरम सीमा पर है। बताया गया कि ठेकेदार द्वारा निर्धारित रेत खदान के अलावा भी जिले भर में जगह जगह निर्धारित एरिया के बाहर भी अवैध खनन लंबे समय से किया जा रहा है। गौरतलब है कि अवैध उत्खनन के मामले में डिंडोरी के वंशिका ग्रुप के ठेकेदार पर करोड़ों का जुर्माना लगाया था, बावजूद ठेकेदार की मनमानी चरम सीमा पर है। आरोप लगाया गया कि रेत कारोबारी द्वारा जिले भर में अवैध खनन कर कई रेत के ठिकाने निर्धारित कर रखा है, जहां से रेत से भरे ओवरलोड डंफरों से जिले भर में रेत का काला कारोबार किया जा रहा है। गौरतलब है कि रेत कारोबारी द्वारा प्राकृतिक संपदा को लूट-लूट कर शासन प्रशासन को करोड़ों का घाटा पहुंचा रहा है। बावजूद प्रशासनिक अमला विभागीय कार्रवाई करने में नाकाम ही नजर आ रहा है, जिस लेकर लोगों ने सवाल उठाए हैं।



