पेयजल परिवहन और मानदेय का भुगतान तत्काल समय सीमा में करें

डिंडौरी,जबलपुर दर्पण न्यूज। कलेक्टर रत्नाकर झा ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में 22 आवेदन पत्रों की सुनवाई की। जनसुनवाई में नंदकुमार नंदा ग्राम पंचायत घुसिया ने आवेदन पत्र प्रस्तुत करते हुए बताया कि उसने ग्राम पंचायत में मई और जून महीनें में ट्रेक्टर के माध्यम से पेयजल परिवहन किया था, जिसका भुगतान आज तक नहीं किया गया है। उसने बताया कि भुगतान के लिए ग्राम पंचायत से संपर्क किया गया, लेकिन किसी भी प्रकार से संतोषजनक उत्तर नहीं मिला, जिस कारण वह जनसुनवाई में आकर आवेदन पत्र प्रस्तुत कर रहा है। जनसुनवाई में संबंधित अधिकारी को उक्त प्रकरण का निराकरण करने के तत्काल निर्देश दिए हैं। जनसुनवाई में तामेष्वर साहू अतिथि शिक्षक प्राथमिक, माध्यमिक शाला सरसा विकासखण्ड मेहंदवानी ने आवेदन पत्र प्रस्तुत कर बताया कि उसने प्राथमिक शाला सरसा में वर्ष 2019-20 में अध्यापन कार्य किया है। जहां वर्ष 2020-21 में जारी मैरिट लिस्ट में उसका नाम प्रथम स्थान पर है, लेकिन विद्यालय द्वारा अप्रशिक्षित अतिथि शिक्षक को रख लिया गया है, उन्होंने उक्त प्रकरण की गहनता से जांच करने की मांग की है, जहां जनसुनवाई में संबंधित विभाग को उक्त प्रकरण का निराकरण करने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में अपर कलेक्टर डिंडौरी, डिप्टी कलेक्टर डिंडौरी, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग, उप संचालक कृषि सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।



