मूंगफली का बोरा चुराने पर युवक को डण्डे से पीटकर उतारा मौत के घाट : 24 घंटे के अंदर आरोपी गिरफ्तार

जबलपुर दर्पण नगर संवाददाता। गोराबाजार थाने से मिली जानकारी विक्टोरिया अस्पताल से सूचना मिली कि सोहित सोनी जिसकी उम्र 28 वर्ष निवासी बगीचा नंबर 71-72 सदर केन्ट को उसके परिजनों द्वारा घायल अवस्था में हास्पिटल लाया गया था जिसे डाक्टर ने मृत घेाषित कर दिया है सूचना पर विक्टोरिया अस्पताल पहुंची पुलिस को सौरभ सोनी उम्र 24 वर्ष निवासी पीली बिल्डिंग तिलहरी ने बताया कि उसका भाई सप्लाई डिपो मे मजदूरी करता था एवं अपनी ससुराल में रहता था। दीपांशू ने उसे मोबाईल पर बताया कि उसका भाई सोहित अनंतारा के पास पडा है जिसके शरीर में चोट के निशान है, उसने अपनी भाभी लक्ष्मी सोनी के भाई संदीप बर्मन को फोन लगाकर घटना बतायी एवं भाई को घर लेकर आने को कहा तथा वह काम से सीधे बगीचा स्थित भाई के घर पहुंचा, भाई सोहित अपने घर के बाहर मिला जिसके दोनों हाथ, दोनों पैरों, पीठ व हिप्स में काले नीलें चोट के निशान थे। किसी अज्ञात ने उसके भाई सोहित सोनी को जान से मारने की नीयत से डण्डे से मारपीट कर चोट पहुंचाई थी, भाई सोहित की सांसे चल रही थी, पूछने पर बोल नहीं पा रहा था, शरीर में अंदरूनी चोटे थी, जिसे उपचार हेतु विक्टोरिया लेकर पहुंचे जहॉ डाक्टर ने चैक कर भाई को मृत घोषित कर दिया। किसी अज्ञात व्यक्ति ने डंडे से हमला कर हत्या कर दी है। पंचनामा कार्यवाही कर शव को पीएम भिजवाते हुये, थाना गोराबाजार में अज्ञात के विरूद्ध अपराध पंजीबद्ध कर प्रकरण विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान घटना स्थल अनंततारा के आगे संदेही मूंगफली विक्रेता गोविंद मौर्य उम्र 19 वर्ष निवासी सेसरका थाना फैजगंज बैठा जिला बदायू (उ.प्र.) को अभिरक्षा मे लेकर सघन पूछताछ की गयी जिसने बताया कि अनंततारा के आगे रोड़ के बाँयी ओर दुकान लगाकर मूँगफली बेचता है। रात करीब 10.30 बजे खाना खाकर अपने दुकान के चारो ओर सफेद बोरियों का पर्दा लगाकर सोया था। रात्रि करीबन 03.45 बजे ठंड़ी हवा आने के कारण नींद खुली तो देखा कि दुकान के एक तरफ की बोरियों के पर्दे खुले हुये थे तथा एक व्यक्ति उसकी दुकान से एक बोरा मुँगफली चोरी कर बाहर निकाल कर रख लिया था। जिसे उसने पकड़ा और हाथ मुक्केा एवं डंडे से मारपीट किया और पुनः सो गया। सुबह करीब 07.15 बजे उठा तो देखा कि वही व्यक्ति घायल अवस्था में पड़ा था जिसे परिवार वाले उठा कर ले गये थे। मूँगफली विक्रेता गोविंद मौर्य के द्वारा एक बोरा मूँगफली चोरी कर ले जाते समय पकड़कर डंडे से मारपीट करने के कारण आयी चोटों से सोहित सोनी की मृत्यु होना पाये जाने पर आरोपी गोविंद मौर्य की निशादेही पर घटना में प्रयुक्त डण्डा जप्त करते हुये आरोपी को प्रकरण में विधिवत गिरफ्तार कर मान्नीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।



