नाम निर्देशन पत्र भरने के लिए अभ्यर्थी के साथ दो व्यक्ति ही प्रवेश कर सकेंगे

डिंडौरी,जबलपुर दर्पण न्यूज। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रत्नाकर झा ने कहा कि त्रि-स्तरीय पंचायत निर्वाचन 2021-22 में नाम निर्देशन पत्र भरते समय अभ्यर्थी के साथ दो व्यक्ति ही प्रवेश कर सकेंगे। नाम निर्देशन पत्र भरने के लिए रिटर्निंग ऑफिसर की घड़ी का समय ही मान्य होगा, अभ्यर्थी के सहित वाहनों की संख्या दो हो सकेगी। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी झा शनिवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित स्टेंडिंग कमेंटी की बैठक में उक्त निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष नरेन्द्र राजपूत, जिला कांग्रेस अध्यक्ष विरेन्द्र बिहारी शुक्ला, जिला बसपा अध्यक्ष मोहम्मद असगर सिद्दिकी, पुलिस अधीक्षक संजय सिंह, अपर कलेक्टर अरूण कुमार विश्वकर्मा, जिला पंचायत की मुख्यकार्यपालन अधिकारी अंजू अरूण कुमार, एसडीएम डिंडौरी रजनी वर्मा, एसडीएम शहपुरा काजल जावला मौजूद रहे। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रत्नाकर झा ने कहा कि त्रि-स्तरीय पंचायत निर्वाचन का कार्य सफलता पूर्वक संचालित करने के लिए मतदान दलों का गठन किया गया है। सभी जनपद मुख्यालयों में मतदान कर्मियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा, उन्होंने बताया कि पंचायत निर्वाचन में प्राप्त होने वाली शिकायतों के निराकरण के लिए जिला मुख्यालय सहित आठ केन्द्र स्थापित किए जाएंगे। शिकायतकर्ताओं उक्त केन्द्रों में अपनी शिकायतें दर्ज करा सकेंगे। शिकायत निवारण केन्द्र में प्राप्त शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण करने के लिए अधिकारियों की नियुक्ति कर दी गई है।



