धान खरीदी कर विक्रय करने के मामले में तहसीलदार की कार्रवाई

डिंडोरी,जबलपुर दर्पण ब्यूरो। जिला कलेक्टर डिण्डौरी रत्नाकर झा और अनुविभागीय अधिकारी राजस्व शहपुरा काजल जावला के निर्देशानुसार तहसीलदार शहपुरा ने सामूहिक रूप से टीम बनाकर ग्राम बिछिया में धान खरीद कर विक्रय करने के मामले में कार्रवाई की गई है। बताया गया कि कार्यवाही में तीन दुकान अमर किराना, चैकसे ब्रदर्स, महेन्द्र कुमार राजकुमार फर्म में जांच की गई, जिसमेें दो दुकानों में धान का स्टाक मिला ,साथ ही किसी भी दुकान में आफलाइन व आनलाईन अभिलेख का संधारण नहीं पाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए आगामी आदेश तक स्टाक में रखी धान को बेचने खरीदने के लिए प्रतिबंधित किया गया है। जानकारी अनुसार उक्त कार्यवाही में किसानों से बिचैलियो के द्वारा कम कीमत में धान खरीदी कर सहकारी समितियो में किसानो के नाम से उंचे दाम में धान को बेचकर मुनाफा कमा रहे हैं। मामले की शिकायत मिलने के बाद उक्त कार्यवाही की गई, जहां कार्यवाही आगमी दिनों में भी लगातार जारी रहेगी। राजस्व विभाग द्वारा की गई कार्रवाई के बाद अग्रिम कार्यवाही के लिए प्रतिवेदन जिला कलेक्टर डिण्डौरी को भेजा गया है।



