धूप में लगीं कुर्सी हटवाने को लेकर शिक्षकों की हुई हाथापाई

हायर सेकेंडरी स्कूल सक्का का मामला, मामले की कोतवाली थाने में हुई शिकायत
डिंडोरी,जबलपुर दर्पण ब्यूरो। जिले के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल सक्का के प्रभारी प्राचार्य सुभेन्दु कुमार दास ने शाला परिसर में उनके अधीनस्थ उच्च श्रेणी शिक्षक एसएस परस्ते द्वारा छात्रों की उपस्थिति में झापड़ मारने और शाला की शिक्षिका ज्योत्स्ना मरावी द्वारा कालर पकड़ कर बदतमीजी किए जाने के आरोप लगाकर कोतवाली थाने डिंडोरी में शिकायत दर्ज करवाई है। फिलहाल कोतवाली पुलिस पीड़ित प्रभारी प्राचार्य का चिकित्सीय परीक्षण करवा कर आगे की कार्यवाही कर रही है।मामले की जानकारी देते हुए प्रभारी प्राचार्य सुभेन्दु कुमार दास ने बताया कि प्री बोर्ड की परीक्षाएं चल रही है, छात्र पेपर लेने और कॉपी जमा करने विद्यालय आते है, शिक्षक कक्षाओं में न बैठ कर धूप में एकसाथ बैठे रहते है। जिससे छात्र परेशान होते है। इसके चलते मेरे द्वारा बाहर से कुर्सी हटवा दी गई, किन्तु शिक्षकों द्वारा फिर भी धूप में बैठने के लिए कुर्सी चपरासी से निकलवाई गई। इसी बीच उन्होंने कुर्सी किसने हटवाई कहकर विवाद किया जाने लगा। जिस पर मैंने कहा कि मैंने हटवाई है, आप लोग कक्षाओं में बैठकर कार्य करें जिससे कि छात्र परेशान न हो। इसी बात को लेकर एसएस परस्ते द्वारा मुझे एक झापड़ मार दिया गया और शिक्षिका द्वारा विवाद करते हुए पूरी शाला में कोहराम मचाते हुए मेरा कालर पकड़ कर बदतमीजी की गई। घटना की जानकारी मेरे द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी गई है।



