भाजपा ने सभी विकास खंडों के बूथ विस्तारक कार्यों में लाई तेजी

कुशाभाऊ ठाकरे के जन्मशताब्दी को पार्टी संगठन पर्व के रूप में मना रही भाजपा
डिण्डौरी, जबलपुर दर्पण ब्यूरो। भारतीय जनता पार्टी के केन्द्रीय नेतृत्व व प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा के निर्देशन व भाजपा जिलाध्यक्ष नरेन्द्र राजपूत व सभी मण्डल अध्यक्षों के नेतृत्व में बूथ विस्तारक योजना का कार्य पूरे जिले के सभी मण्डलों में प्रारंभ हो चुका है। गौरतलब है कि भाजपा के पितृपुरूष कुशाभाऊ ठाकरे के जन्मशताब्दी वर्ष को पार्टी संगठन पर्व के रूप में मना रही है। संगठन पर्व के तहत जिले की दोनों विधानसभा में मण्डल विस्तारक, बूथविस्तारक व एप्प संचालक, ग्राम केन्द्र क संयोजक सहित सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ता पूरी तन्मयता के साथ इस कार्य में लगे हुए हैं। प्रेषित विज्ञप्ति के माध्यम से इस योजना के प्रभारी व जिलामहामंत्री अवध बिलैया ने बताया कि भाजपा कार्यकर्ताओं पर आधारित दल है, हमारे कार्यकर्ता अपना तन, मन और धन लगाकर बूथों में विस्तारक योजना को गति देकर बूथो का सुदृढ़ीकरण कर रहे हैं। जिले के सभी 105 ग्राम व नगर केन्द्र के अंतर्गत आने वाले 655 बूथों में संगठन एप्प व रजिस्टर के माध्यम से डिजिटल व भौतिक परीक्षण कार्य सुचारू रूप से चल रहा है। जिले के नियंत्रण कक्ष से जानकारी देते हुए जिला कार्यालय मंत्री पुनीत जैन ने बताया कि संगठन एप्प के माध्यम से पुराने व नये कार्यकर्ताओं का डेटा स्टोर किया जायेगा। इस महत्वपूर्ण अभियान के माध्यम से केन्द्रीय व प्रदेश नेतृत्व कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद स्थापित कर सकेगें। जिला आईटी प्रमुख राहुल पाण्डे ने कहा कि वर्तमान यग डिजिटलाइजेशन का है, हमारी पार्टी हर कार्यकर्ता का डेटा कम्प्यूटर के सर्वर में रखने का काम कर रही है। जिला भाजपा ने सभी मण्डल में निवासरत सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं को इस अभियान में लगाया गया है।



