गोवंशों की मौतों को लेकर: कांग्रेसियों ने फूंका मुख्यमंत्री का पुतला

गौ माता की पूजा-अर्चना के पश्चात गौमाता चौक पर धरना प्रदर्शन के पश्चात सीएम का जलाया पुतला
जबलपुर दर्पण/नगर ब्यूरो। नगर कांग्रेस कमेटी के मार्गदर्शन में सेवा दल के प्रदेश सह प्रभारी झल्लेलाल जैन एवं कांग्रेसजनो के नेतृत्व में गौ माता चौक पर मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया गया। इस मौके पर शहर(जिला)कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जगत बहादुर सिंह “अन्नू” ने कहा कि कमलनाथ सरकार ने अपने कार्यकाल के दौरान गौ माता के संवर्धन और संरक्षण के लिए 1000 से ज्यादा गौशालाओं का निर्माण प्रदेश में कराया था, एवं लाखों गौवंशों को संरक्षण दिया और दूसरी ओर शिवराज की भाजपा सरकार में गोवंशों की भूख से मौतें हो रही हैं। शहर(जिला)कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष दिनेश यादव ने कहा की मुख्यमंत्री के गृह नगर विदिशा में गायों की मौत हो रही है,वही उनके शवों को कुत्ते नोच कर खा रहे हैं। यह वही मुख्यमंत्री है जिनकी पार्टी ने गौ माता के नाम पर लोगों से वोट लिया इसके बावजूद भाजपा सरकार में गौ माता के साथ बर्बरता देखने को मिल रही है। झल्लेलाल जैन ने बताया कि रीवा और अन्य शहरों में भी गोवंश की स्थिति अच्छी नहीं है अलग-अलग जगह गौशालाओं में जहां गायों को पर्याप्त मात्रा में खाने पीने की व्यवस्था नहीं है वही उनकी देखरेख में भी घोर लापरवाही की जा रही है। जिसके कारण गौ माता मौत की शिकार हो रही है। जिनकी सुध लेने वाला कोई नहीं है। भारतीय जनता पार्टी के राज में गौ माता बेमौत मरने को मजबूर है। एक ओर कांग्रेस के राज्यसभा सांसद विवेक कृष्ण तन्खा ने निःशुल्क वाहन गौ सेवा के लिए दिया है वहीं सरकार गौवंश को उठाकर इलाज के लिए ले जाने पर भारी भरकम राशि वसूल रही है। कांग्रेस ने इसी मामले को प्रदेश स्तर पर उठाने की तैयारी कर दी है जिसकी शुरुआत संस्कारधानी में भी हो गई है। गौरतलब है की मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ ने सभी पार्टी जनों से इस मामले में जोरदार प्रदर्शन के माध्यम से भाजपा के दोहरे चरित्र को उजागर करने के दिशा निर्देश दिए हैं जिसका असर जबलपुर में सर्वप्रथम दिखा।



