लोन चुकाने के बाद भी प्रताड़ित हो रहा उपभोक्ता, पीएनबी बैंक मैनेजर की शिकायत

जबलपुर दर्पण। पंजाब नेशनल बैंक की सीओडी शाखा की बैंक मैनेजर की हठधर्मिता ने एक उपभोक्ता को बुरी तरह से प्रताड़ित कर दिया है। जिसकी शिकायत उपभोक्ता ने पंजाब नेशनल बैंक के मंडल कार्यालय को प्रेषित की है। शिकायत में उपभोक्ता कौशलेंद्र महाजन ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2018 में पीएनबी की सीओडी शाखा से कार खरीदने के लिये ऋण लिया था। हाल ही में उन्होंने कार का ऋण चुकाने के बाद जब बैंक मैनेजर श्रीमती अनीता से एनओसी मांगी तो उन्होंने कई बार चक्कर कटवाने के बाद बड़ी मुश्किल से एनओसी दी,लेकिन अब 35 नंबर फॉर्म पर साइन करने के लिये पुन: बार-बार चक्कर लगवा रही हैं और परेशान कर रही हैं। शिकायत के अनुसार, उपभोक्ता के नेपियर टाउन स्थित घर से बैंक का दफ्तर पूरे 15 किलोमीटर की दूरी पर है। उन्हें बार-बार ये दूरी तय करनी पड़ रही है और बैंक मैनेजर सारी कागजी खानापूर्ति होने के बाद भी 35 नंबर फॉर्म पर दस्तखत करने का तैयार नहीं हैं। उपभोक्ता ने मंडल कार्यालय को सौंपी शिकायत में बताया है कि बैंक मैनेजर के इस रवैये से वे बेहद दु:खी और निराश महसूस कर रहे हैं।



