मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान हिनौता में जनसेवा शिविर को करेंगे संबोधित

डिंडोरी, जबलपुर दर्पण न्यूज। मध्यप्रदेश शासन के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 23 सितंबर को डिंडौरी जिले के ग्राम पंचायत हिनौता में मुख्यमंत्री जनसेवा शिविर कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। आयोजित कार्यक्रम में हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण, विकास कार्यां का भूमिपूजन सहित लोकार्पण कार्यक्रम किया जाएगा। इस अवसर पर विभागों के द्वारा प्रदेश शासन की योजनाओं और उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। कलेक्टर रत्नाकर झा ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में उक्त निर्देश दिए। इस अवसर पर सलिल गर्ग, अपर कलेक्टर अरूण कुमार विश्वकर्मा, एसडीएम डिंडौरी बलवीर रमण, एसडीएम शहपुरा काजल जावला, संयुक्त कलेक्टर रजनी वर्मा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर रमेश मरावी, जिला समन्वयक सर्व शिक्षा अभियान राघवेन्द्र मिश्रा, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास मंजूलता सिंह, उप संचालक कृषि अश्विनी झारिया, जिला योजना अधिकारी ओ.पी. सिरसे सहित जिला एवं जनपद स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे। कलेक्टर श्री झा ने कार्यक्रम में मंचीय व्यवस्था, हेलीपैड की तैयारी, कन्यापूजन, फूल मालाओं की व्यवस्था, पेयजल का प्रबंध, सुरक्षा व्यवस्था, जनसभा में बैठक व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा, पार्किंग एवं विद्युत व्यवस्था, करने के निर्देश दिए। उन्होंने महिला बाल विकास विभाग, पंचायत ग्रामीण विकास विभाग, एनआरएलएम, कृषि विभाग, सहित अन्य विभागों के हितग्राहियों को जनसभा में लाने को कहा। जिससे हितग्राहियों को शासन की योजनाओं के हितलाभ का वितरण किया जा सके। कलेक्टर श्री झा ने निर्माण व लोकार्पण कार्य और लाभांवित हितग्राहियों की सूची अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को लंबित शिकायतों का निराकरण करने तथा शासन की योजनाओं से हितग्राहियों को लाभांवित करने को कहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी विभाग में मजदूरी एवं निर्माण कार्यां का भुगतान लंबित नहीं रहना चाहिए। कलेक्टर श्री झा ने कहा कि जिला स्तरीय मुख्यमंत्री जनसेवा शिविर में हितग्राहियों को कृषि उपकरण प्रदान किए जायेंगे। स्थानीय कलाकारों के द्वारा लोकगीत एवं लोकनृत्य प्रस्तुत किये जायेंगे। वृक्षारोपण का कार्यक्रम भी सम्पन्न होगा। 23 सितम्बर को ग्राम पंचायतों में आयोजित मुख्यमंत्री जनसेवा शिविर के हितग्राही जिला स्तरीय कार्यक्रम में सहभागी बनेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना एवं मुद्रा योजना से भी हितग्राहियों को लाभांवित करने को कहा है। मुख्यमंत्री जनसेवा शिविर में विभागीय स्टॉलों के साथ-साथ शिकायत निवारण हेतु स्टॉल लगाये जाएंगे, जिससे आवेदक अपनी शिकायतें दर्ज करा सकें, जिनका त्वरित ढंग से निराकरण किया जाएगा। इस अवसर पर गोंडी पेंटिंग तथा स्थानीय उत्पादन का भी प्रदर्शन किया जाएगा। कार्यक्रम में हेल्थ चैकअप के लिए डॉक्टरों की ड्यूटी भी लगाई जाएगी। कलेक्टर श्री झा ने आयोजित कार्यक्रम में विभागीय योजनाओं से लाभांवित होने वाले हितग्राहियों की सूची प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री झा ने उचित मूल्य की दुकानो में खाद्यान्न वितरण में लापरवाही बरतने वालों के विरूद्ध कार्रवाई करने को कहा गया है।



