चोरों का गिरोह चढ़ा पुलिस के हत्थे, किराए की टैक्सी भी बरामद

डिंडोरी, जबलपुर दर्पण ब्यूरो। कोतवाली थानांतर्गत अलग अलग ग्राम पंचायत भवनों से महंगी एलईडी, टीवी सहित अन्य उपकरण चोरी करने वाले पांच सदस्यीय गिरोह को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सूचना पर मंगलवार की रात मंडला बस स्टैंड पर घेराबंदी करके पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लिया और कड़ी पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है।पुलिस ने चोरी का सामान खरीदने वाले दुकानदार और चोरों को वाहन मुहैया कराने वाले व्यक्ति भी गिरफ्तार किया है। बताया गया कि एसपी संजय सिंह द्वारा थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायतो में लगातार हो रही टीवी चोरियों की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए टीम गठित की गई थी। कोतवाली पुलिस द्वारा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ मरकाम एवं एसडीओपी आकांक्षा उपाध्याय के निर्देशन पर कोतवाली पुलिस ने वारदातों का खुलासा करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी के गैस सिलेंडर, इन्वर्टर, बैटरी, सीपीयू, प्रिंटर सहित अन्य सामग्री जप्त की गई है। वारदातों को अंजाम देने के दौरान उपयोग की गई आटो क्रमांक MP 52 R 0934 भी जप्त की गई है। गौरतलब हैं कि दो अगस्त को प्राथमिक शाला भोंदूटोला पुरानी डिण्डौरी से तीन एलपीजी सिलेंडर, एक जुलाई को डाइट भवन रहंगी से इंटेक्स कंपनी की 65 इंच की एलसीडी टीवी, छः अक्टूबर को ग्राम पंचायत भवन कू नेड़ा से इनवेटर, प्रिंटर, बैटरी, थंम मशीन, सीपीयू, दिनांक 16 अक्टूबर को ग्राम पंचायत भवन किसलपुरी से 43 इंच एलजी कंपनी की एलसीडी टीव्ही एवं दिनांक 18 अक्टूबर को माध्यमिक शाला धनवासी से एक 43 इंच एलजी कंपनी की एलसीडी टीव्ही अज्ञात अरोपीगणों द्वारा चोरी की शिकायत दर्ज धारा 457, 380, 411, 413, 120 के तहत दर्ज की गई थी। विवेचना के दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मंगलवार की रात सूरज बर्मन पिता घिसला प्रसाद बर्मन उम्र 26 साल निवासी केवलारी थाना डिण्डौरी हाल वार्ड क्रामक 15 पुरानी डिण्डौरी थाना डिण्डौरी, दिलीप उर्फ बैगा पिता लामू सिंह सैयात जाति गोंड उम्र 19 साल निवासी निगवानी, सुनील यादव पिता राहुल यादव जाति अहीर उम्र 21 साल निवासी देवकरा गोपालपुर को हिरासत में लिया और पूछताछ के दौरान साफ हो गया कि सभी वारदातों में तीनों शामिल थे। आरोपियों ने चोरी की सामग्री रमेश पारासर जाति राठोर उम्र 35 साल निवासी पुरानी डिंडोरी को बेची थी। पुलिस ने चोरों का सहयोग करने के जुर्म में ऑटो मालिक अकबर खान पिता शाबिर अली खान जाति मुसलमान उम्र 47 वर्ष निवासी वार्ड क्रमांक 04 मस्जिद मोहल्ला को भी गिरफ्तार किया है। इनकी निशानदेही पर एक इंटेक्स कंपनी की एलसीडी टीव्ही 65 इंच कीमती 85000 रूपया, एक एलजी कंपनी की एलसीडी टीव्ही 43 इंच कीमती 50000 रूपया, एक एलजी कंपनी की एलसीडी टीव्ही 43 इंच कीमती 49500 रूपया सहित तीन गेस सिलेंडर कीमती 9000 रूपया, 01 इन्वेटर, 01 बैटरी, 01 प्रिंटर, सीपीयू), थम मशीन जुमला कीमती 72000 रूपये एक आटो वाहन कुल 4 लाख 15 हजार 500 का सामान जप्त किया गया है। कार्रवाई को अंजाम देने में प्रभारी भूपेन्द्र सिंह केन्द्रो, सउनि मुकेश बैरागी, चंद्रशेखर चौबे, सुधीर पटेल, प्रधान आरक्षक कृष्ण कुमार श्रीवास, कृष्ण कुमार मरावी, कृष्ण पाल सिहं, हरनाम सिंह, राजाराम आर्मो,कमलेश मरावी, आरक्षक अजय यादव, संदीप साहू, विकास सूर्या की सराहनीय भूमिका रही।



