राइफल शूटर्स सत्यार्थ पटेल एवं गौतमी भनोट ने जीता स्वर्ण पदक

जबलपुर दर्पण। संस्कारधानी के राइफल शूटर्स सत्यार्थ पटेल एवं गौतमी भनोट ने 5 वें खेलो इंडिया गेम्स में स्वर्ण पदक जीत कर मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के द्वारा घोषित पांच लाख रुपये की पुरस्कार राशि के लिए अपनी दावेदारी मजबूत की। 10 मीटर एयर राइफल मेन इवेंट के क्वालिफिकेशन राउंड में सत्यार्थ ने 625.7 स्कोर अर्जित किए एवम फाइनल राउंड के लिए क्वालीफाई किया तथा फाइनल में भी शानदार खेलते हुए स्वर्ण पदक जीता। सत्यार्थ माउंट लिट्रा ज़ी स्कूल में कक्षा 10 वीं कक्षा के छात्र हैं। राइफल शूटर गौतमी भनोट ने 10 मीटर एयर राइफल विमन इवेंट के क्वालिफिकेशन मैच में 629. 9 स्कोर अर्जित किया तथा फाइनल राउंड के लिए क्वालीफाई किया तथा फाइनल में शानदार खेलते हुए स्वर्ण पदक प्राप्त किया । गौतमी बिल्ला बोंग हाई स्कूल में कक्षा 10वीं की छात्रा हैं। इसके साथ ही शूटर सत्यार्थ एवं गौतमी का चयन खेलो इंडिया टैलेंट में हो गया है एवं दोनों को ही SAI द्वारा पांच लाख तक की अनुदान राशि प्रत्येक वर्ष अगले 8 वर्षों तक मिलेगी। सत्यार्थ एवं गौतमी ने 5 वें खेलो इंडिया गेम्स में 10 मीटर एयर राइफल इवेंट में मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया था तथा दोनों ने असाधारण खेल प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता एवं मध्य प्रदेश एवं जबलपुर का दबदबा बनाये रखा। गौतमी एवं सत्यार्थ दोनों गन फॉर शूटिंग अकादमी जबलपुर में कोच श्री निशांत नथवानी से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।



