अपनी 9 सूत्रीय मांगों को लेकर पीओ-सुपरवाइजर-कार्यकर्ता आज निकालेंगे रैली

जबलपुर दर्पण। अपनी 9 सूत्रीय मांगों को लेकर 15 मार्च से अनिश्चित कॉलीन सामूहिक अवकाश पर चल रहे महिला बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारी, सुपरवाइजर, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका आज सामूहिक रैली निकालकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपेंगे। संयुक्त मोर्चा आसीडीएस परियोजना अधिकारी संघ, पर्यवेक्षक संघ एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता/ सहायिका संघ के बैनर तले सामूहिक अवकाश पर चल रहे संघ के अधिकारियों ने बताया कि हमारी 30 वर्षों से मांग लंबित है। लगातार सरकार का ध्यान इस ओर आकर्षित कराया गया, किंतु उनकी मांग हमेशा अनसुनी कर दी गई। अंतत: मजबूर होकर अब ‘जब तक मांग पूरी नहीं, तब तक कार्य नहीं’ के तहत प्रदेश भर के परियोजना अधिकारी, पर्यवेक्षक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका 15 मार्च से सामूहिक अवकाश पर चल रहे हैं। इस दौरान आंगनवाड़ी केंद्रों में ताले लटक रहे हैं। क्रमबद्ध आंदोलन की कड़ी में अपनी मांगों के समर्थन में 27 मार्च को सुबह 11 बजे से वंदे मातरम् चौक सिविक सेंटर से रैली निकाली जाएगी। रैली मालवीय चौक, तीन पत्ती चौक , नौदराब्रिज, तैय्यब अली चौक, घंटाघर होते हुए कलेक्ट्रेट जाएगी, जहां कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों को रखा जाएगा। संघ पदाधिकारियों ने सभी पर्यवेक्षक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका से समय पर वंदे मातरम् चौक पहुंचने की अपील की है।



