पीएम आवास योजना में गरीबों के हक पर डांका, अपात्रों को जारी कर दी राशि

डिंडोरी, जबलपुर दर्पण ब्यूरो। जिले के समनापुर जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत चांदरानी गांव में पीएम आवास योजना के नाम पर जमकर भ्रष्टाचार हुए हैं। बताया गया कि वर्ष 2022-23 में पंचायत के जिम्मेदारों द्वारा गरीबों के हक पर डांका डालते हुए, रोजगार सहायक व सचिव ने अपात्र हितग्राहियों को लाखों रुपए की राशि जारी कर दी। गौरतलब है कि ऐसे अपात्र हितग्राहियों को राशि जारी की गई, जिन्हें पीएम आवास योजना से पक्की मकान की फिलहाल जरूरत नहीं है, कुछ ऐसे अपात्र हितग्राही भी हैं जिनके पास पहले से ही पक्की मकान बने हैं, उन्हीं पूराने मकानों को ही पीएम आवास बनाकर फर्जी तरीके से फोटो अपलोड कर लाखों रुपए की राशि निकाली गई। जानकारी में बताया गया कि कुछ ऐसे भी हितग्राही हैं, जिन्होंने अभी तक मकान का निर्माण कार्य ही नहीं कराया है। आरोपों के मुताबिक इसी तरह के लगभग पंचायत में 13 हितग्राहियों के खातों में बिना निर्माण कार्य के ही राशि डाली गई, जो भ्रष्टाचार को दर्शाता है। इसी तरह पीएम आवास योजना के तहत बन रहे मकान मामले में हितग्राही हेमंत ठाकुर ने जिला कलेक्टर को जनसुनवाई में शिकायत कर योजना के तहत पीएम आवास का लाभ देने के नाम पर पहले दस हजार और अब मजदूरी भुगतान जारी करने के एवज में भी पांच हजार रुपए की मांग की जा रही है। परेशान पीड़ित ने मंगलवार को जनसुनवाई में शिकायत करते हुए संबंधित रोजगार सहायक राधेश्याम ठाकुर के ऊपर कारवाही करने की मांग की है। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि अपात्र हितग्राही योगेश्वर पिता कमल सिंह, अमर सिंह पिता चंद्रभान, लेखराम पिता कल्लू, भुनेश्वर पिता कमल, गोला बाई पति देवीसिंह, सरजू पिता मुरत सहित अन्य लगभग एक दर्जन से ज्यादा अपात्र लोगों को योजना का लाभ दिया गया। स्थानीय ग्रामीणों ने मामले की सूक्ष्मता से जांच कराकर पंचायत के जिम्मेदार रोजगार सहायक व सचिव पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।



