पुलिस कंट्रोल रूम में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर हुई समीक्षा बैठक

डिंडोरी, जबलपुर दर्पण ब्यूरो। जिला पुलिस अधीक्षक डिंडोरी संजीव कुमार सिंहा ने पिछले दिनों मंगलवार को पुलिस कंट्रोल रूम सभागृह में जिले के समस्त पुलिस अधिकारियों की अपराधियों की समीक्षा बैठक ली। इस दौरान अपराध से जुढ़े कई बिंदुओं पर और अपराध पर शिकंजा कसने के लिए कार्य योजना तैयार की। बताया गया कि विधानसभा चुनाव के मद्देनजर जिले में चुनाव को सकुशल और शांतिपूर्ण कराने के निर्देश दिए। एसपी ने कहा कि शस्त्रों का सत्यापन किया जाए तथा जिले में आचार संहिता लागू है, इसे गम्भीरता से लेकर अभियान चलाकर शस्त्र जमा करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि अपने-अपने अधीनस्थ क्षेत्रों में विगत चुनावों के दौरान सांप्रदायिक तनाव व विवादों की जानकारी को इकट्ठी कर प्रतिधात्मक कार्रवाई कर मुचलकों पर पाबंद किए जाएं। आगे उन्होंने कहा कि हिस्ट्रीशीटरों की नियमित रूप से चेकिंग की जाए तथा गैर जमानती वारंटों को समय से तामील कराया जाना सुनिश्चित करें, उन्होंने अवैध शराब व अवैध शस्त्रों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए पुलिस अधीक्षक ने आदेशित किए कि मतदान केंद्र/मतगणना स्थल एवं आने-जाने वाले रास्तों का नियमित रूप से भ्रमण/चेकिंग की जाए तथा संवेदनशीलता की जानकारी कर कार्रवाई करें। उन्होंने गांव में चुनावों को लेकर गुटबाजी, रंजिश, तनाव पैदा करने वालों को चिह्नित कर निरोधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान अति पुलिस अधीक्षक जगनाथ मरकाम सहित एसडीओपी शहपुरा, डिंडोरी एवं सभी चौकी प्रभारी व विभिन्न शाखों के प्रभारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



