पूर्व मंत्री सहित 70 खनन पट्टे हुए निरस्त

सतना। खनिज अधिकारी का प्रयास, कलेक्टर ने किया आदेश, आवंटन के बाद नहीं किया काम
सतना। विंध्य प्रदेश में खनन माफिया के मजबूत नेटवर्क से सभी परिचित हैं। यहां पर राजनैतिक पावर का इस्तेमाल अक्सर खनन वाले कमाई के व्यवसाय के लिए हमेशा किया जाता है। जिला प्रशासन सतना ने सांसद गणेश सिंह की पत्नी, पूर्व मंत्री के पुत्र सहित 70 खनन पट्टे को निरस्त करने की कार्रवाई की है। जिला प्रशासन ने खनन माफिया को जोरदार झटका देने का काम किया है। अवैध उत्खनन जैसी लाइलाज बीमारी से परेशान जिला प्रशासन ने कार्रवाई का ऐसा डंडा चलाया, जिससे दिग्गजों की वाट लग गई। विंध्य प्रदेश के मैहर, नागौद, रैगांव, कोठी, अमरपाटन, मझगवां, चित्रकूट, रामपुर बघेलान, बिरसिंहपुर, कोटर, रीवा, सेमरिया, देवतालाब, चाकघाट, गुढ, मनगवां, त्यों थर, मऊगंज, सीधी, रामपुर बघेलान, चुरहट, गोपद बनास सहित विंध्य प्रदेश के अन्य हिस्सों में सालों से अवैध उत्खनन का डंका जिला प्रशासन की परस्पर सहयोग से बजाया जा रहा है। सतना सांसद गणेश सिंह का मजबूत दबदबा राजनीति में किसी से छिपा नहीं है। उनके अलावा मध्य प्रदेश शासन के पूर्व मंत्री बृजेन्द्र नाथ पाठक का पुत्र अजय पाठक भी उस लिस्ट में शामिल हैं जिनके पट्टे को निरस्त कर दिया गया है। सतना कलेक्टर अजय कटेसरिया ने जिला खनिज अधिकारी श्रीमती दीपमाला तिवारी के प्रस्ताव पर कार्रवाई करते हुए 70 खनन पट्टा निरस्त करने की अनुशंसा मध्य प्रदेश शासन से की है। बताया जाता है कि कि संबंधित लोगों ने पट्टा आवंटन हासिल कर लिया है लेकिन काम की शुरुआत नहीं कराई गई, इसलिए कलेक्टर अजय कटेसरिया ने आदेश जारी किया है।



