लंबित समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करेंः जिला अधिकारी


मनीष श्रीवास जबलपुर। कर्मवीर शर्मा की अध्यक्षता में सोमवार को लंबित पत्रों की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। इस दौरान अपर कलेक्टर संदीप जी आर, हर्ष दीक्षित, बीपी द्विवेदी सहित सभी जिला अधिकारी उपस्थित थे। कलेक्टर कर्मवीर शर्मा ने सर्वप्रथम स्ट्रीट वेंडर योजना के अंतर्गत सभी पात्र हितग्राहियों को ऋण स्वीकृत कर वितरण पर जोर देते हुए कहा कि इस योजना में कोई पात्र हितग्राही छूटे ना। स्ट्रीट वेंडर योजना में ऋण वितरण में बैंक लापरवाही ना करें बल्कि सक्रियता से कार्य करें, अनावश्यक देरी इसमें बिल्कुल भी ना करें। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि फसल बीमा का क्लेम कृषकों को समय पर मिले यदि कहीं इसमें विलंब हो रहा है तो उप संचालक कृषि संबंधित बीमा कंपनी से बात कर बीमा क्लेम दिलवाये।
बैठक के दौरान 300 दिनों से अधिक के लंबित शिकायतों की समीक्षा कर कहा कि सभी जिला अधिकारी समस्या के तह तक जाकर संबंधित व्यक्ति के जिम्मेदारी तय करें और समस्या का निराकरण करें यदि वे समस्या का निराकरण नहीं करते हैं तो उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही करें और यदि समस्या के समाधान में यह भी नहीं हो हुआ तो संबंधित जिलाधिकारी की रिस्पांसिबिलिटी तय की जाएगी। सीएम हेल्पलाइन के विभागवार प्रकरणों की समीक्षा में कलेक्टर कर्मवीर शर्मा ने कहा कि प्राथमिकता से समस्या का निराकरण करें। उन्होंने विशेष रूप से जननी सुरक्षा के पेंडिंग प्रकरण पर जोर देकर कहा कि इसमें किसी भी स्थिति में देरी नहीं होनी चाहिए क्योंकि इसका सीधा संबंध जच्चा-बच्चा के स्वास्थ्य से जुड़ा है। उन्होंने मनरेगा के क्रियान्वयन और स्वरोजगार तथा रोजगारमूलक योजनाओं तथा पात्रता पर्ची वितरण के संबंध में चर्चा कर कहा कि इस दिशा में सक्रियता से काम करें। उन्होंने 300 दिनों से अधिक के लंबित सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों पर संबंधित जिला अधिकारियों को एससीएन जारी करने के निर्देश भी दिए।
बैठक के दौरान स्वच्छता सर्वेक्षण पर चर्चा कर कहा कि इसमें नगर निगम कमिश्नर के लीडरशिप में सभी अधिकारी अपना योगदान दें और जबलपुर ई- निरीक्षण के सिस्टम के तहत निरीक्षण तंत्र को सशक्त करने के विचार से अवगत कर इसे कार्यरूप में लाने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान सौर ऊर्जा को प्रोत्साहन देने के साथ कोविड-19 के वैक्सीनेशन की रणनीति पर चर्चा कर जिला अधिकारियों को इसमें उनकी भूमिका के बारे में बताया गया।



