समनापुर के बीआरसी कॉलोनी में फंसा रेत से भरा ओवरलोड डंपर

डिंडोरी,जबलपुर दर्पण ब्यूरो। जिले के समनापुर जनपद मुख्यालय के बीआरसी कॉलोनी में कल गुरुवार को एक रेत से भरा ओवरलोड डंपर कच्ची सड़क मार्ग में फंस गया, जिसके बाद जेसीबी मशीन से घंटों तक चली कड़ी मशक्कत के बाद रेत से भरा ओवरलोड डंपर को बाहर निकाला जा सका। गौरतलब है कि वर्षों बाद भी उक्त कच्ची सड़क मार्ग को पक्की सड़क बनाए जाने पंचायत के जिम्मेदार कर्मी कोई पहल नहीं कर रहे, जिससे बरसात के मौसम में मार्ग पर कीचड़ ही कीचड़ नजर आता है। बताया गया कि इसी मार्ग से होकर हर दिन कॉलेज की छात्र छात्राएं भी आती जाती हैं, जिन्हें भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। आरोप लगाया गया कि वर्षों से बनी समस्या पर जिम्मेदार लोग अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे, जिससे लेकर अब कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क मार्ग में मरम्मत के नाम से पंचायत के जिम्मेदार कर्मी मिट्टी, मुरूम डालकर खानापूर्ति कर देते हैं, जो बरसात के मौसम में मोहल्ले वासियों के लिए मुसीबत भरा होता है। स्थानीय लोगों ने जल्द से जल्द बीआरसी कॉलोनी मार्ग में पक्की सड़क का निर्माण कार्य कराए जाने की मांग की गई है, ताकि लोगों को समस्या से निजात मिल सके।



